उकवा व जगनटोला में छापामार कार्रवाई, 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर 18 मार्च को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अश्विनी देशमुख की टीम ने पुलिस के सहयोग से उकवा एवं जगनटोला क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान प्रधान आरक्षक तिलक सोनेकर एवं आरक्षक नागेश धुमकेती मौजूद थे।
कार्रवाई के दौरान राजवीर होटल, रेंज ऑफिस उकवा में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। मौके पर 14.2 किलोग्राम का एक घरेलू गैस सिलेंडर एवं 5 किलोग्राम का एक अन्य घरेलू सिलेंडर जब्त किया गया। दोनों सिलेंडरों को जब्त कर चित्राक्षी गैस एजेंसी उकवा के प्रबंधक को सुपुर्द कर दिया गया। इसके अलावा सिलाई सेंटर, रेंज ऑफिस उकवा की जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के तीन खाली घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। इन्हें भी मौके पर जब्त कर गैस एजेंसी को सुपुर्दगी में दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई में कुल 9 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

