कुम्हारी पट मैदान में अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई, 400 ट्रॉली रेत जब्त
जिले में अवैध खनन एवं रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 18 मार्च 2026 को तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम कुम्हारी पट मैदान में अवैध रूप से भंडारित खनिज रेत पर संयुक्त कार्रवाई की गई।
उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने जानकारी देते हुए बताया कि खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं थाना कोतवाली पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 400 ट्रॉली रेत को विधिवत जब्त किया। जब्त की गई रेत को धापेवाड़ा स्थित एएनवी कंपनी को देखरेख एवं निगरानी के लिए सुपुर्द किया गया है। प्रकरण में मध्य प्रदेश (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं भंडारण के खिलाफ इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

