* 93 बच्चे स्वस्थ होकर लौटे घर, 15 बच्चे अस्पताल में उपचाररत *

Spread the love

बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से प्रभावित बच्चों के उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मौसमी बीमारी, सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजल्स, स्कैबीज एवं मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित बच्चों में से अब तक 100 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 93 बच्चे पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। एहतियात के तौर पर बुधवार को 8 अन्य बच्चों को अस्पताल लाया गया है। वर्तमान में कुल 15 बच्चे अस्पताल में उपचाररत हैं और सभी की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य एवं संतोषजनक है।

   मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ परेश उपलप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामों में 20 सर्वेक्षण टीमों के माध्यम से घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। बीमार व्यक्तियों की जांच एवं आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने के लिए 10 चिकित्सा अधिकारियों तथा 4 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों एवं अन्य मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रख रही हैं तथा आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


  अब तक किए गए सर्वेक्षण में विभिन्न बीमारियों से प्रभावित 372 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 93 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया, जबकि 256 मरीजों का घर पर ही उपचार कर उन्हें स्वस्थ किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की सतत निगरानी और उपचार व्यवस्था के चलते प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *