जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन की बैठक संपन्न

Spread the love

ला पंचायत की सामान्य प्रशासन की बैठक संपन्न

विभिन्न विभागों की ग्रामीण विकास योजनाओं की हुई समीक्षा

जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्‍वार की अध्‍यक्षता में 11 मार्च को जिला पंचायत सभागृह में जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के समस्त समितियों के सभापति एवं मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ सहित ग्रामीण विकास से जुडे विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में समिति के सदस्‍यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले के अस्पतालों की स्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान कटंगी और लालबर्रा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई और संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। एमपीआरडीसी द्वारा विभागीय सड़कों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री सरस्‍वर ने बैठक में कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्‍यान रखते हुए समय सीमा में कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में गढ़ी से चिल्पी मार्ग का नवीनीकरण कार्य धीमी गति से चलने की ओर ध्‍यान आकर्षित कराया गया और इसमें प्रगति लाने कहा गया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में स्वीकृत सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया की प्रधानमंत्री जनमन योजना में 52 सड़क स्वीकृत हुई है, जिनके कार्य प्रारंभ है एवं 23 पुलिये स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुल पुलियों को स्वीकृत किया गया है। सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है और शेष कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। योजना अंतर्गत सर्वप्रथम धरती आबा योजना के ग्रामो में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले के विभिन्न विकासखण्डों में बनने वाली सड़कों की ब्लॉक प्रायोरिटी सूची जारी की गई है। इस सूची में कुल 12 सड़कों का चयन किया गया है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 28.80 किलोमीटर होगी। योजना के तहत इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इन मार्गों के बनने से अब तक सम्पर्कविहीन (Unconnected) गांवों को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच में काफी सुविधा मिलेगी।

बैठक में बताया गया कि इस सूची में बैहर, बिरसा, परसवाड़ा, वारासिवनी, बालाघाट एवं लांजी/लालबर्रा ब्लॉक के कई गांवों को शामिल किया गया है। प्रमुख प्रस्तावित मार्गों में पटवा से पटवा फ़, केवलारी से भेलवाटोला बरटोला, किनारदा से मसनटोला, शिकारीटोला, रेलवाही से सकराईटोला, डोरली से आवासटोला, मयूरबिंदु से तल्लाबोडी, डोंगरिया से लच्छीटोला, कोचेवाही से नत्थाटोला, बोटेझरी से खदानटोला, हुड़कीटोला से ढाढूटोला, अमोली अप्रोच रोड तथा चंद्रपुरी से बडटोला मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को परिवहन की बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।

बैठक में बताया कि मुख्यमंत्री मंजरा टोला योजना अंतर्गत सड़कों की स्वीकृति हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत बस्ती विकास योजना की जानकारी चर्चा के दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत द्वारा निर्देश दिए गए कि शालाओ में शौचालय, पेयजल एवं विद्युतीकरण जैसे आवश्यक कार्यो को लिया जावे। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों के निर्माण की स्वीकृति के प्रयास किये जावे एवं राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल को पत्र प्रेषित किया जावे।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उपसंचालक कृषि द्वारा बताया गया कि रबी सीजन में जिले में गेहूं, चना एवं सरसों का रकबा बढा है। उन्‍होंने बताया कि तिल, उड़द का बीज एवं अग्रिम खाद उठाव 01 अप्रैल से प्रारम्भ किया जा रहा है। जिले के सभी कृषक अपनी फार्मर आईडी बनवा ले और अपने खसरे फार्मर आईडी में जुड़वा ले। फार्मर आईडी से खसरे लिंक होने पर ही किसानों को उर्वरक का प्रदाय किया जा सकेगा। बैठक में स्वच्छता, शिक्षा, कृषि तथा अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। समिति सदस्‍यों ने विकास कार्यों में तेजी लाने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *