पॉलीटेक्निक कॉलेज में आपदा प्रबंधन जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मृणाल मीना के निर्देशन में जिले में निरंतर आपदा प्रबंधन पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी कडी में 10 मार्च को पॉलीटेक्निक कॉलेज में आपदा प्रबंधन जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य आर.एम. सोनवे, विभागाध्यक्ष आलोक चौहान, कार्यक्रम प्रभारी एम.के. भलावे, स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिला कमांडेंट होमगार्ड एवं नोडल अधिकारी श्रीमती रजनी खटीक के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्लाटून कमांडर होमगार्ड श्री श्याम सिंह धुर्वे एवं एसडीईआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव की जानकारी दी। टीम द्वारा अग्निकांड, भूकंप, लू, ताप, वज्रपात, सर्पदंश और बाढ़ जैसी आपदाओं में सावधानियां और बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए। साथ ही मध्यप्रदेश सरकार के मौसम पूर्वानुमान से संबंधित महत्वपूर्ण मोबाइल ऐप ‘दामिनी’ और ‘सचेत’ के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे लोग समय रहते मौसम संबंधी चेतावनियां प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में एसडीईआरएफ टीम के सदस्य विशेष कुतराहे, राजेश घुर्वे, आशीष खरोले, विशाल रजक, मुलेन्द्र आड़े तथा सिविल डिफेंस के विशाल राहंगडाले भी उपस्थित रहे। इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपात स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी देना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *