थाना वारासिवनी पुलिस की कार्रवाई, धाना वारासिवनी पुलिस ने ग्राम डोंगरगांव पुलिया के पास नहर में मिली अज्ञात महिला के शव की पहचान एवं हत्या के प्रकरण की विवेचना करते हुए सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी संतोष ठाकरे निवासी ग्राम सरंडी, वारासिवनी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार एवं अन्य सामान तथा हत्या में प्रयुक्त ब्लेड बरामद किया है। घटना का संक्षिप्त विवरण :- दिनांक 05.08.2026 को थाना वारासिवनी क्षेत्र के ग्राम डोंगरगांव पुलिया के पास नहर में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त होने पर थाना वारासिवनी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा शव को नहर के पानी से बाहर निकाला गया। मृतिका आसपास के गांव की नहीं होने के कारण प्रारंभ में उसकी पहचान स्थापित नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया एवं स्थानीय स्रोतों के माध्यम से मृतिका की पहचान के प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप मृतिका की पहचान विनती उर्फ खुशबू डहरवाल, पिता शंकर डहरवाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम खमरिया, थाना लालबर्रा, जिला बालाघाट, हाल निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई। शव के निरीक्षण में मृतिका के गले पर धारदार वस्तु से गला काटने का घाव पाया गया, जिससे प्रथम दृष्टया किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार वस्तु से चोट पहुंचाकर हत्या कर शव को नहर में फेंकना पाया गया। मृतिका के चचेरे भाई द्वारा संतोष ठाकरे निवासी ग्राम सरंडी, वारासिवनी पर शंका जाहिर की गई। थाना वारासिवनी में अपराध क्रमांक 292/2026, घारा 103(1), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना का खुलासा :- प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना वारासिवनी पुलिस द्वारा आरोपी संतोष ठाकरे की लगातार तलाश एवं पतारसी की गई। विवेचना में पता चला कि आरोपी दिनांक 04-05.08.2026 की दरमियानी रात से फरार था तथा उसका मोबाइल बंद था। आरोपी सिवनी स्थित पेट्रोल पंप से कार क्रमांक MP22 ZH 0949 लेकर दिनांक 31.07.2026 को निकला था, जिसके बाद वापस नहीं आया। पुलिस द्वारा लगातार तलाश के दौरान दिनांक 12.08.2026 को आरोपी के ग्राम सांवगी में देखे जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी, जहां आरोपी पुलिस को देखकर सांवगी के जंगल की ओर भागने लगा। पीछा करने के दौरान गिरने से उसके बाएं पैर एवं दाहिने हाथ में चोट आई। पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका विनीता उर्फ खुश्बू से उसका प्रेम प्रसंग था। आरोपी द्वारा दूसरी महिला से विवाह कर लेने के बाद मृतिका ने उसके विरूद्ध महिला थाना जिला सिवनी में दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया था। उक्त प्रकरण में आरोपी द्वारा मृतिका पर राजीनामा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, लेकिन मृतिका राजीनामा करने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने मृतिका की हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी दिनांक 31.07.2026 को मृतिका को नागपुर से अपने साथ लेकर निकला था तथा इस दौरान उसे नागपुर, इटारसी एवं छिंदवाड़ा में अपने साथ रखा। इसके बाद दिनांक 04.08.2026 को आरोपी ने मृतिका का कार में ही ब्लेड से गला काटकर उसकी हत्या कर दी और शव को कायदी के पास नहर में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी ने कार को गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा कर नागपुर एवं दुर्ग की ओर फरार हो गया था।
–पुलिस कार्यवाही एवं बरामदगी :-
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा गोंदिया रेलवे स्टेशन की पार्किंग से घटना में प्रयुक्त कार मारुति डिजायर क्रमांक MP22 ZH 0949 बरामद की गई तथा आरोपी के रक्तरंजित कपड़े, मृतिका के कपड़े एवं अन्य सामान तथा हत्या में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद किया गया।
जप्त सामग्री :-
- घटना में प्रयुक्त मारुति डिजायर कार क्रमांक MP22 ZH 0949
- आरोपी के रक्तरंजित कपड़े।
- मृतिका के कपड़े, बैग, पहचान पत्र एवं अन्य सामान ।
- हत्या में प्रयुक्त ब्लेड।
गिरफ्तार आरोपीगण : - संतोष ठाकरे उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सरंडी, थाना वारासिवनी
सराहनीय भूमिकाः- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी वारासिवनी निरीक्षक अनूप उइके, सउनि. राजकपूर रंगारे, प्रआर. सुजीत कोटांगले, आर. तारेन्द्र बिसेन, आर. (चा.) अब्दुल गालिब की सराहनीय भूमिका रही।

