- मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह एक दिवसीय प्रवास पर बालाघाट पहुंचे । प्रवास के दौरान परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कावेली के जनजातीय बहुल ग्राम बोदल-बेहरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। यहां उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में उपस्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र नहीं होने के कारण उन्हें इलाज के लिए अन्यत्र जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण किसी घटना की सूचना समय पर नहीं दे पाते हैं। नेटवर्क के अभाव में आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस को भी कॉल नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने गांव में मोबाइल टावर लगाए जाने की मांग की।
इसी दौरान गांव की महिलाओं ने ग्राम में तालाब बनाए जाने की मांग रखी। महिलाओं की मांग पर - प्रभारी मंत्री श्री राव ने तत्काल तहसीलदार को बुलाकर तालाब निर्माण के लिए जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसी दौरान प्रभारी मंत्री श्री राव उदय प्रताप सिंह ने ग्रामीणों से पूछा कि यहां हाईस्कूल नहीं चाहिए क्या? इस पर सभी ग्रामीणों ने हामी भरते हुए हाईस्कूल की मांग रखी। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने गांव में बालक छात्रावास खोले जाने की मांग भी रखी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने ग्राम बोदल-बेहरा में विद्यांजली कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला के भवन के सुदृढ़ीकरण कार्य का अवलोकन किया। साथ ही जनसहयोग से बच्चों के लिए उपलब्ध कराई गई सामग्री एवं विद्यालय में की गई व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने स्कूली बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा दिए गए जवाबों से प्रसन्न होकर उन्होंने उनकी सराहना की। विद्यांजली कार्यक्रम के माध्यम से प्राथमिक शाला को बेहतर स्वरूप प्रदान करने तथा बच्चों के लिए बैंच-डेस्क सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों एवं समाजसेवियों का प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने सम्मान किया। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जीरामजी योजना से जलाशय निर्माण की दिशा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में एम्बुलेंस की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया। साथ ही बच्चों की पढ़ाई के लिए बालक छात्रावास का प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही।
* प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बोदल-बेहरा में ग्रामीणों से किया संवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा, *

