जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं में सुधार शुरू मेल एवं फीमेल वार्ड में लगाए गए 05-05 अतिरिक्त बेड
जिला चिकित्सालय बालाघाट में बेड की कमी और मरीजों के उपचार में लापरवाही की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं में सुधार की कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर श्री मीना ने 24 मई की तड़के 04 बजे जिला चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था और आवश्यक निर्देश दिए थे।
मरीज की शिकायत पर पहुंचे थे कलेक्टर
जानकारी के अनुसार ग्राम हीरापुर निवासी शुभम वराड़े को 24 मई की रात्रि लगभग 03:15 बजे पेट दर्द एवं उल्टी की शिकायत पर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। उपचार में लापरवाही की शिकायत मिलने पर कलेक्टर श्री मृणाल मीना तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचे और अस्पताल के मेल एवं फीमेल वार्ड का निरीक्षण किया।
ड्यूटी से गायब मिले आउटसोर्स कर्मचारी
निरीक्षण के दौरान रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात आउटसोर्स कर्मचारी आविष्कार मेश्राम, कैलाश झलपे एवं सुरक्षा गार्ड राधेश्याम बघेले अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित नहीं पाए गए। जांच में तीनों कर्मचारी मरीजों के बेड पर सोते हुए मिले। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने आउटसोर्स प्रोपराइटर निशिथ श्रीवास्तव को निर्देश दिए हैं कि संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सेवा से पृथक कर उनके स्थान पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
दो नर्सिंग अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
मरीज के उपचार में लापरवाही पाए जाने पर नर्सिंग अधिकारी श्वेता वानखेड़े एवं सपना दाते को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप ने नोटिस में पूछा है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवा जबलपुर को प्रस्ताव क्यों न भेजा जाए। दोनों नर्सिंग अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर सिविल सर्जन के अभिमत सहित अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
मरीजों की सुविधा के लिए बढ़ाई गई बेड क्षमता
कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर जिला चिकित्सालय के मेल एवं फीमेल वार्ड में मरीजों की सुविधा के लिए 05-05 अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप के मोबाइल नंबर 9424978190 अथवा सिविल सर्जन डॉ. नीलय जैन के मोबाइल नंबर 9425138700 पर संपर्क करें।

