पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के निकले
थाना कोतवाली बालाघाट में अप.क्र. 228/2026 धारा 109(1), 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए चाकूबाजी कर लूट की गंभीर घटना का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दिनांक 16.04.2026 की रात्रि करीब 08:30 बजे प्रार्थी युपेश लिल्हारे पिता बहेन्द्र लिल्हारे अपने साथियों पियूष रूसे एवं अर्जुन के साथ वैनगंगा नदी किनारे जागपुर घाट शिव मंदिर के पास घूमने गया था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक, जो पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, ने प्रार्थी एवं उसके साथियों को अकेला पाकर चाकू दिखाकर डराया-धमकाया तथा उनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल एवं नगद 4000 रुपये लूट लिये।
विरोध करने पर आरोपी मीत बिसेन ने प्रार्थी के साथी पियूष रूसे को जान से मारने की नियत से पेट में चाकू मार दिया तथा प्रार्थी को भी चाकू से घायल कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गये।
मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 07 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा लगातार सीसीटीव्ही फुटेज का अवलोकन किया गया एवं संदिग्धों की लगातार तलाश की गई। गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप तीनों आरोपियों-
- अक्षय वर्मा उर्फ प्रिंस पिता प्रशांत वर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 19 प्रेमनगर बालाघाट
- मीत बिसेन पिता राजकुमार बिसेन, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 27 प्रेमनगर बालाघाट
- 17 वर्षीय अपचारी बालक को हिरासत में लियागया है।
गिरफ्तार आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं तथा इनके विरुद्ध मारपीट, चोरी, धमकी एवं अन्य गंभीर अपराधों के प्रकरण दर्ज हैं, जिससे इनकी आपराधिक प्रवृत्ति स्पष्ट होती है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू, पल्सर मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन एवं नगदी 4000 रुपये जप्त किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में विवेचना जारी है एवं पुलिस टीम आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।

