अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 3,400 किलो महुआ लाहन नष्ट किया गया

Spread the love

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार 23 जून को आबकारी विभाग के वारासिवनी एवं कटंगी वृत्त की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में महुआ लाहन जब्त कर नष्ट किया।

आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जामरापानी, अर्जुनटोला एवं रामजीटोला क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी किनारे एवं जंगल के विभिन्न स्थानों पर प्लास्टिक के ड्रम, बोरियों एवं मटकों में संग्रहित लगभग 3,400 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। विभागीय अधिकारियों ने मौके पर लाहन के नमूने लेकर शेष सामग्री को नियमानुसार नष्ट कर दिया। इस संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, के तहत तीन प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। जब्त एवं नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 3 लाख 40 हजार रुपये है।

जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी एवं आबकारी उपनिरीक्षक श्री संदीप श्रीवास, मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *