मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने 13 मार्च को बालाघाट प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्रीमती अनुभा मुंजारे, श्री विवेक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ एवं सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बैठक के प्रारंभ में खाडी देशों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिले में पेट्रोलियम ईंधन का उपयोग सावधानी से करने के आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी गैस की कोई कमी नही है। लोगो को पेनिक होने की इसका पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी गैस का सावधानी से उपयोग किया जाए जिससे भविष्य में आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बैठक में कहा कि रबी फसलों की सिंचाई का उचित प्रबंधन किया जाए और किसानों को आवश्यकता के अनुसार पानी उपलब्ध कराया जाए। किसानों को निर्धारित अवधि में बिजली प्रदाय की जाए और जहां पर वोल्टेज आदि की समस्या आ रही है उसका निराकरण शीघ्रता से किया जाए। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र एवं ट्रांसफार्मर लगाने के कार्य गुणवत्ता के साथ किये जाए। समर्थन मूल्य पर गेहूँ एवं चना की खरीदी तथा भावांतर योजना में सरसो की खरीदी के लिए पर्याप्त इंतजाम किये जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अगले कुछ दिनों में नवीन शिक्षा सत्र शुरू हो जाएगा, अत: जिन शालाओं के भवन जर्जर है उनके सुधार का कार्य समय से पहले कर लिया जाए। नवीन शिक्षा सत्र प्रारंभ होने पर शालाओं में प्रवेश उत्सव मनाया जाए। कक्षा 5वीं, 08वीं एवं 10वीं की परीक्षा देने के बाद कोई भी बच्चा शाला त्यागी नही रहना चाहिए। इन कक्षाओं के सभी बच्चों का अगली कक्षा में प्रवेश सुनिश्चित होना चाहिए। शाला के प्रधानपाठक एवं प्राचार्य की जिम्मेदारी होगी कि इन कक्षाओं के बच्चों को अगली कक्षा में प्रवेश दिलाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बताया कि 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम के बाद बोर्ड द्वारा अनुत्तीर्ण, कुछ विषयों में फैल एवं प्रतिशत सुधार वाले विद्यार्थियों के लिए द्वितीय परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में छात्रों को कोई फीस न देना पडे या बहुत कम फीस लगे इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा प्रयास किया जा रहा है और शीघ्र ही इस पर निर्णय ले लिया जाएगा, जिससे बोर्ड की द्वितीय परीक्षा में अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बैठक में खनिज अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन पर कडी निगरानी रखे। जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच करे और देखे कि परिवहन वाहन में जीएसटी का भुगतान किया गया है या नहीं। जीएसटी की चोरी नही होना चाहिए और सरकार के राजस्व में हानि हो इसके लिए नियमित रूप से वाहनों की जांच की जाए। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने रजेगांव चौकी की प्रभारी भाग्यश्री राजवैद्य के संबंध में प्राप्त शिकायतों को लेकर जिला परिवहन अधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। बैठक में विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे द्वारा रिहायसी क्षेत्रों में स्कूल के पास शराब दुकान खोले जाने की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि ऐसी दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। इस पर प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ठेकेदार के साथ समन्वय कर रिहायसी एवं स्कूल आदि के पास स्थित शराब दुकानो को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बैठक में कहा कि गर्मियों के दिनों में आमजन को पेयजल की समस्या नही होना चाहिए। बिगडे हैण्डपंपों का सुधार किया जाए और नलजल योजनाओं से पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पीएचई के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि जिन ग्रामों में नलजल योजना का कार्य संतोषजनक नही है, उसे ठेकेदार से पूर्ण कराए। प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना चतुर्थ चरण एवं मुख्यमंत्री मंजरा टोला योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक ग्रामों को पक्की सडक से जोडने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये और कहा कि ऐसी योजना बहुत कम आती है, अत: इन योजनाओं में सडको का काम गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए किया जाए।
बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री मीना ने बताया कि बालाघाट जिले में एलपीजी सिलेण्डर की कोई कमी नही है। वर्तमान में 12 हजार 700 सिलेण्डर उपलब्ध है और इनकी नियमित आपूर्ति हो रही है। संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत 20 से 25 मार्च तक जिला स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिले में किसानों को रबी सीजन में धान नही लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। जिसके फलस्वरूप इस वर्ष लगभग 10 हजार हेक्टेयर में गत वर्ष की तुलना में रबी सीजन में धान नही लगायी गई है, जिसके कारण जिले में गेहूँ, चना एवं सरसो का रकबा बढा है। समर्थन मूलय पर गेहूँ, चना, सरसो की खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन किया जा रहा है। जिले में रेत के अवैध खनन एवं परिवहन पर नियमित रूप से कार्यवाही की जा रही है।

