आज दिनांक 4 अप्रैल को वारासिवनी स्थित शंकरसाव कॉलेज में पहली बार बड़े स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में वारासिवनी, खैरलांजी और कटंगी क्षेत्र के करीब 1500 युवाओं ने भाग लेकर अपना पंजीयन कराया और विभिन्न कंपनियों के इंटरव्यू में शामिल हुए।
रोजगार मेले में Tata Electronics, Yazaki Corporation, Foxconn, रायल इनफिल्ड अहमदाबाद एवं Micro and Company के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन कंपनियों द्वारा युवाओं के इंटरव्यू लिए गए, जिसमें 1000 से अधिक युवाओं को जॉब ऑफर प्रदान किए गए।
इस रोजगार मेले का आयोजन कलेक्टर श्री मृणाल मीना की पहल पर किया गया, जिसका उद्देश्य क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के कई युवा पहले से ही बड़ी कंपनियों में कार्यरत हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वारासिवनी क्षेत्र में अब तक इस प्रकार का रोजगार मेला आयोजित नहीं हुआ था, इसलिए यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मेला युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि बालाघाट जिले के अनेक युवा Tata Electronics, बेंगलुरु एवं Yazaki Corporation, अहमदाबाद में कार्यरत हैं। जिला प्रशासन लगातार इन युवाओं के संपर्क में है और उनसे संवाद करता रहता है। उन्होंने बताया कि जब भी कोई नया युवा रोजगार के लिए बाहर जाता है, तो जिला प्रशासन एवं पुलिस की टीम भी उनके साथ जाती है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं और कंपनी विश्वसनीय है।
कार्यक्रम में विधायक विवेक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, एसडीएम श्री कार्तिकेय जायसवाल, सहायक कलेक्टर श्री आकाश अग्रवाल, महाविद्यालय की प्राचार्य डा सरिता कोल्हटकर मेले के समन्वयक श्री आशिष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल देखा गया और उन्हें रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।

