* हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियों को लेकर दिए निर्देश *

Spread the love
  • टीएल बैठक में हुई समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
  • 10 अगस्‍त को कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्‍टर श्री कुमार सत्‍यम ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिये। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, एमआर कोल, विजय यादव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
  • हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियों को लेकर दिए निर्देश
  • बैठक में सर्वप्रथम 9 अगस्त से प्रारंभ हुए हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा की गई। सभी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 17 अगस्त तक अभियान के तहत विविध गतिविधियों का आयोजन करें और आमजन को अपने घर पर तिरंगा झंडा फहराने के लिए प्रोत्साहित करें। जिला शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक, महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को शालाओं एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, नारे लेखन, मेहंदी, रंगोली आदि प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए।
  • जनसुनवाई के आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
  • बैठक में सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का तत्परता के साथ निराकरण किया जाए। कोई भी आवेदन निराकरण के लिए लंबित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक सोमवार को होने वाली समय सीमा बैठक में जनसुनवाई के प्रकरणों के निराकरण की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
  • खाद्य प्रतिष्ठानों की प्रतिदिन जांच के निर्देश
  • कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य सामग्री तैयार करने एवं विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों की प्रतिदिन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को उनके द्वारा की गई जांच एवं लिए गए सैंपल की साप्ताहिक रिपोर्ट टीएल बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
  • छात्रावासों में अग्निशामक यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
  • कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग कल्याण को निर्देशित किया कि जिले के सभी छात्रावासों में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशामक यंत्र कार्यशील अवस्था में रखे जाएं। छात्रावास अधीक्षकों को अग्निशामक यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया जाए तथा इन यंत्रों की समय-समय पर रिपेयरिंग एवं मेंटेनेंस कराया जाए।
  • खतरनाक भवनों में स्कूल, आंगनवाड़ी और छात्रावास संचालित नहीं करने के निर्देश
  • कलेक्टर श्री कुमार ने जिला शिक्षा अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए कि जिले में किसी भी खतरनाक भवन में स्कूल, आंगनवाड़ी एवं छात्रावास संचालित नहीं हो रहा है।
  • किसानों के लिए पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश
  • बैठक में उपसंचालक कृषि एवं जिला विपणन अधिकारी को जिले में किसानों के लिए उर्वरक का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध रखने तथा किसानों को उसका सुगमता से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी एसडीएम को विपणन अधिकारी, उपसंचालक कृषि एवं सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों से समन्वय कर अपने क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार उर्वरक का भंडारण कराने के निर्देश दिए गए।
  • इस दौरान बताया गया कि वर्तमान में जिले में 9700 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। यूरिया की एक रैक 10 अगस्त को तथा एक रैक अगले सप्ताह तक बालाघाट आने की संभावना है। सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं पुलिस जवानों के साथ कृषि आदान सामग्री विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने तथा उर्वरक, कीटनाशक एवं बीज आदि के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र करने के निर्देश दिए गए।
  • सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
  • बैठक में सीएम हेल्‍पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्‍टर श्री कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्‍पलाइन की शिकायतों को गंभीरता से ले और तत्‍परता के साथ उनका निराकरण करें। यदि कोई शिकायत एल-1 स्‍तर के अधिकारी द्वारा नाट अटेंडेंट पायी जाएगी तो उसके विरूद्ध अर्थदण्‍ड लगाया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के अंतर्गत जिस विकासखंड में शिविर का आयोजन होना है उस विकासखंड की सीएम हेल्‍पलाइन की शिकायतों का शिविर के दिन तक शत प्रतिशत निराकरण कर लिया जाए। उन्‍होंने कहा कि टीएल बैठक में सीएम हेल्‍पलाइन की शिकायतों के निराकरण की साप्‍ताहिक समीक्षा की जाएगी। जिनकी प्रगति संतोषजनक नही पायी जाएगी, उनके विरूद्ध कार्यवाही प्रस्‍तावित की जाएगी। कलेक्‍टर श्री कुमार ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में मुख्‍यमंत्री जन विश्‍वास अभियान के अंतर्गत नियमित रूप से शिविर लगाने, आमजन की समस्‍याओं का निराकरण करने एवं उनसे संवाद करने के निर्देश दिये।
  • स्वरोजगार योजनाओं में ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर
  • बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री कुमार ने निर्देश दिए कि स्वरोजगार योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में अधिक संख्या में प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित किए जाएं। विभागीय अधिकारी प्रत्येक सप्ताह बैंक अधिकारियों से संपर्क कर ऋण प्रकरणों का निराकरण कराएं तथा हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित करें। टीएल बैठक में स्वरोजगार योजनाओं में ऋण वितरण की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
  • स्वरोजगार योजनाओं के ऋण प्रकरण में प्रगति लाने के निर्देश
  • आईटीआई की प्राचार्य एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण दिलाना सुनिश्चित करें। बैठक में भीमराव अम्‍बेडकर स्‍वरोजगार योजना, टंट्या मामा स्‍वरोजगार योजना, संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुण्‍डा योजना, उद्यम क्रांति योजना, कामधेनु योजना, मत्‍स्‍योद्योग विभाग की योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान चेतावनी दी गई कि ऋण वितरण में प्रगति नही आने पर संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी।
  • लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय सीमा में निपटाएं, लापरवाही पर लगेगा जुर्माना
  • कलेक्‍टर श्री कुमार सत्‍यम ने लोक सेवा गारण्‍टी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्‍त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्‍होने कहा कि इस अधिनियम का कोई भी प्रकरण समय सीमा से बाहर नही होना चाहिए। लोक सेवा गारण्‍टी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्‍त आवेदन का समय सीमा में निराकरण नही होने पर जिम्‍मेदार अधिकारी पर जुर्माना लगाने की कार्यवाही की जाएगी।
  • पेंशन व बीमा योजनाओं में अधिक से अधिक पंजीयन कराएं
  • बैठक में अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना से अधिक से अधिक लोगो को जोडने के निर्देश दिये गए। प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत सभी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्‍य नगर पालिका अधिकारियों को लक्ष्‍य के अनुरूप पंजीयन कराने के निर्देश दिये गए। श्रम अधिकारी को श्रमोदय विद्यालय के खेल मैदान के लिए जमीन आवंटित कराने प्रक्रिया के अनुरूप आवेदन करने के निर्देश दिये गए। बैठक में एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सडक, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग एवं सेतु निर्माण संभाग के अधिकारियों को सख्‍त निर्देश दिये गए कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्‍त हुए पुल पुलियों की शीघ्रता से मरम्‍मत व सुधार कार्य कराये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *