* असम में गोलीबारी की घटना में शहीद हुए परसवाडा़ के लाल विष्णु बघेल, *

Spread the love

बालाघाट जिले के परसवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम भीकेवाड़ा (शेरपार) निवासी सीआरपीएफ के जवान विष्णु बघेल असम में हुई गोलीबारी की दुखद घटना में वीरगति को प्राप्त हो गए। 44 वर्षीय विष्णु बघेल, श्रीराम बघेल के इकलौते पुत्र थे और सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन में पदस्थ थे। उनके शहीद होने की खबर से पूरे गांव और जिले में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे 34वीं बटालियन में गेट गार्ड ड्यूटी पर तैनात एएसआई बलानी प्रेमावरम ने गार्ड रूम से इंसास राइफल उठाकर क्वार्टर गार्ड में अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान विष्णु बघेल के पेट में गोली लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी एएसआई बैरक पहुंचा, जहां उसने फिर गोलीबारी की। इस हमले में एसआई राम नवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एएसआई माने गोबिंद के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। बाद में आरोपी एएसआई ने उसी राइफल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शहीद विष्णु बघेल के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और लंबे समय से सीआरपीएफ में देश सेवा कर रहे थे। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा हैं कि शहीद विष्णु बघेल का पार्थिव शरीर आज रात्रि 9बजे बालाघाट और उनके पैतृक गांव भीकेवाड़ा (शेरपार) 6अगस्त सुबह 8 बजे पहुंचेगा। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं सीआरपीएफ के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है। देश की सेवा करते हुए शहीद हुए विष्णु बघेल को पूरा बालाघाट नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। उनकी वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को हमेशा याद रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *