पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मलांजखंड में 55वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

Spread the love

केंद्रीय विद्यालय संगठन जबलपुर संभाग के तत्वावधान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मलाजखंड में अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग की 55वीं क्षेत्रीय खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन में खिलाड़ियों के उत्साह और अनुशासन ने शुरुआत से ही माहौल को ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीना रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बैहर एसडीएम अर्पित गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार प्रसाद ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने अनुशासित एवं आकर्षक तरीके से अतिथियों का अभिनंदन किया, जिसने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी दिनेश वाघमारे, सेवानिवृत्त प्राचार्य पी.के. सोनकिया, ललित मिश्रा तथा सीएम राइज स्कूल मलाजखंड के प्राचार्य गंगा प्रसाद कटरे सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और अनुशासन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के.वि. उमरिया, केवी दमोह, केवी पन्ना, केवी मलाजखंड, केवी व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर, केवी नौरोजाबाद एवं केवी सीओडी जबलपुर की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह क्षेत्रीय प्रतियोगिता 30 अप्रैल 2026 को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *