रजेगांव चेक पोस्ट पर वाहनों की आकस्मिक जांच

Spread the love

नियम विरुद्ध संचालन पर मातोश्री ट्रेवल्स की दो बसों पर 01 लाख का जुर्माना

बालाघाट जिले में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों के नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रजेगांव चेक पोस्ट पर सोमवार, 28 अप्रैल को आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान मातोश्री ट्रेवल्स की दो बसें नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गईं, जिन पर कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

जिला परिवहन अधिकारी श्री अनिमेष गढ़पाल ने बताया कि जांच के दौरान संबंधित बसें बिना परमिट और बिना पंजीयन के संचालित हो रही थीं। इसके साथ ही वाहनों में सड़क सुरक्षा मानकों का भी उल्लंघन पाया गया, जो यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में न केवल जुर्माना लगाया जाता है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर वाहन जब्ती और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाती है।

जिला परिवहन अधिकारी ने वाहन संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन न करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवहन विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान केवल वैध और नियमों का पालन करने वाले वाहनों का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *