टीएल बैठक में समय सीमा प्रकरणों की हुई समीक्षा

Spread the love

30 मार्च को कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में टीएल बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने विभिन्न विभागों के समय सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्‍टर श्री जीएस धुर्वे, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्री राहुल नायक, श्री मायाराम कोल, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री प्रदीप कौरव एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्‍य नगर पालिका अधिकारी वीडियों कांफ्रेंस के माध्‍यम से उपस्थित थे।

सरसो की 01 अप्रैल से और गेहूँ की 07 अप्रैल से खरीदी होगी

बैठक में सर्वप्रथम समर्थन मूल्‍य पर चना एवं गेहूँ की खरीदी एवं भावांतर योजना में सरसो की खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि समर्थन मूल्‍य पर चना की खरीदी 30 मार्च से प्रारंभ कर दी गई है, जो 28 मई तक चलेगी। समर्थन मूल्‍य पर चना की खरीदी के लिए मंडी स्‍तर पर 08 केंद्र बनाये गए है। समर्थन मूल्‍य पर चना विक्रय के लिए 2609 किसानों ने पंजीयन किया है। चना समर्थन मूल्‍य 5875 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जाएगा। समर्थन मूल्‍य पर गेहूँ की खरीदी 07 अप्रैल से प्रारंभ होगी। इसके लिए जिले में 13 केंद्र बनाये गए है। भावांतर योजना में सरसो की खरीदी 01 अप्रैल से शुरू की जाएगी, इसकी खरीदी मंडी स्‍तर पर बनाये गए 07 केंद्रो पर की जाएगी। भावांतर योजना में सरसो विक्रय के लिए 2154 किसानों ने पंजीयन कराया है। भावांतर योजना में सरसो की खरीदी 30 मई तक की जाएगी। सरसो का समर्थन मूल्‍य 6200 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।

सीसीटीवी की निगरानी में होगी सरसो की खरीदी, नीलामी की होगी वीडियोग्राफी

कलेक्‍टर श्री मीना ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि समर्थन मूल्‍य पर गेहूँ एवं चना की खरीदी के लिए सभी आवश्‍यक तैयारियॉ की जाए। भावांतर योजना में सरसो की खरीदी जिन केंद्रो पर होना है उनमें सीसी टीवी कैमरे लगाये जाए। सरसो की बोली के दौरान वीडियोग्राफी की व्‍यवस्‍था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। सरसो विक्रय की अनुमति संबंधित एसडीएम द्वारा दी जाएगी। सरसो की नीलामी के दौरान बोली लगाने वाले लायसेंस धारक व्‍यापारियों के बीच प्रतिस्‍पर्धा होना चाहिए। भावांतर योजना में सरसो विक्रय करने वाले किसान को उसी दिन उसके बैंक खाते में ई-भुगतान अनिवार्य रूप से करना है।

एलपीजी एवं डीजल, पेट्रोल पर्याप्‍त मात्रा में उपलब्‍ध

कलेक्‍टर श्री मीना ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेण्‍डर एवं डीजल व पेट्रोल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिले में कहीं पर भी डीजल पेट्रोल के लिए पंप पर लाईन लगाने की स्थिति नही बनना चाहिए। इस दौरान बताया गया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेण्‍डर एवं डीजल व पेट्रोल की कोई कमी नही है। इसके नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है। जिले में वर्तमान में एलपीजी के 5263 सिलेण्‍डर तथा 923 किलोलीटर डीजल व 731 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्‍ध है।

मखाने की खेती को सफल बनाने हर संभव उपाय करें

बैठक में सहायक संचालक उद्यान को निर्देशित किया गया कि मखाना की खेती करने वाले किसानों से निरंतर संवाद व संपर्क बनाये रखे और उन्‍हें सतत मार्गदर्शन दें। मखाना उपज की खरीदी के लिए प्‍लानिंग करने के निर्देश दिये गए। कलेक्‍टर श्री मीना ने कहा कि बालाघाट जिले में सिंघाडे की अच्‍छी उपज होती है। अत: जिले में मखाने की भी खेती में अच्‍छी संभावना है। उद्यान विभाग का अमला प्रयास करें कि जिले में मखाने की खेती असफल नही होना चाहिए। इस दौरान बताया गया कि मखाने की खेती के लिए जिले के 20 किसानों को रायपुर एवं 20 को होशंगाबाद (नर्मदापुरम) में प्रशिक्षण दिलाया गया है। इस प्रकार जिले के 40 किसानों को मखाने की खेती के लिए तैयार किया गया है और उनके द्वारा 17.50 हे. में मखाने के बीज लगाये गए है। वर्तमान में मखाने के बीजो में अंकुरण की प्रक्रिया प्रारंभ है। अगले 08 से 09 माह में मखाने की फसल तैयार हो जाएगी।

मत्‍स्‍य उत्‍पादन बढाने जलाशयों में कैजकल्‍चर लगाये

कलेक्‍टर श्री मीना ने बैठक में सहायक संचालक मत्‍स्‍योद्योग को निर्देशित किया कि जिले के जलाशयों में मत्‍स्‍य उत्‍पादन के लिए अधिक से अधिक संख्‍या में कैजकल्‍चर लगवाए। उन्‍होंने बचत सह-राहत योजना में जिले के अधिक से अधिक मछुवारों को शामिल करने के निर्देश दिये। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को निर्देशित किया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत घरों में सोलर पैनल लगवाने का लक्ष्‍य शीघ्रता से पूर्ण करें। अक्षय ऊर्जा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कुसुम-बी योजना के अंतर्गत किसानों के खेतों में सोलर पंप लगाने का लक्ष्‍य शीघ्रता से पूर्ण करें।

जिला चिकित्‍सालय के बिगडे एसी को शीघ्र दुरुस्‍त कराये, व्‍यवस्‍था होने तक कूलर लगाये

बैठक में मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 14 वर्ष आयु की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्‍य 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराये। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि जिला चिकित्‍सालय के वार्डों में लगे एसी का शीघ्रता से सुधार कार्य करवाऍ एवं मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए वैकल्पिक व्‍यवस्‍था के रूप में कूलर लगवाऍ। श्रम पदाधिकारी को श्रमयोगी मानधन योजना में अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन कराने के निर्देश दिये गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया गया कि आंगनवाडी केंद्रो में शौचालय निर्माण एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराये।

शालाओं में प्रवश उत्‍सव की तैयारियॉ पूर्ण करने के निर्देश

बैठक में कलेक्‍टर श्री मीना ने जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य विभाग एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्‍वयक को शालाओं में आयोजित होने वाले प्रवेश उत्‍सव कार्यक्रम की सभी तैयारियॉ करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने भविष्‍य से भेंट कार्यक्रम के अंतर्गत शालाओं में बच्‍चों से संवाद के लिए सभी अधिकारियों की अलग-अलग ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। सभी अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे आवंटित शाला में अनिवार्य रूप से जाए और बच्‍चों से संवाद करें। बैठक में जनगणना-2027, वनग्रामों को राजस्‍व ग्राम में परिवर्तन करने एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सीएम हेल्‍पलाईन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ करें निराकरण

बैठक में सीएम हेल्‍पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 50 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता दें और उनका शीघ्रता से निराकरण कराए। कोई भी शिकायत एल-1 स्‍तर के अधिकारी द्वारा नाट अटेंडेंट नही रहना चाहिए। खैरलांजी तहसीलदार द्वारा सीएम हेल्‍पलाईन की शिकायत समय सीमा में अटेंड नही करने पर उनका 01 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये गए। इसी प्रकार लोक सेवा गारण्‍टी अधिनियम के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण नही करने पर लांजी, कटंगी एवं बैहर के तहसीलदार तथा नगर पंचायत कटंगी के सीएमओ पर जुर्माना लगाने और जुर्माने की राशि उनके वेतन से काटने के निर्देश दिये गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *