प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कुपोषित बच्‍चों को पोषण किट का वितरण किया

Spread the love

12 टीबी मरीजों को फूड बास्‍केट का वितरण

बागवानी मिशन के अंतर्गत 04 किसानों को ट्रेक्‍टर की चाबी सौंपी

        मध्‍यप्रदेश शासन के स्‍कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने 13 मार्च को बालाघाट प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित एक सादे समारोह में 24 अति कुपोषित बच्‍चों को कुपोषण से मुक्ति के लिए पोषण किट, टीबी के 11 मरीजों को फूड बास्‍केट एवं उद्यानिकी विभाग के बागवानी मिशन के अंतर्गत 04 किसानों को अनुदान पर छोटे ट्रेक्‍टर का वितरण किया। इस अवसर पर विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्रीमती अनुभा मुंजारे, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, नगर पालिका अध्‍यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्‍य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, नगर पालिका उपाध्‍यक्ष श्री योगेश बिसेन, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं लाभान्वित होने वाले हितग्राही उपस्थित थे।

   प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कुपोषित बच्‍चों को चिन्हित कर उन्‍हें कुपोषण से मुक्‍त कराने के लिए जिले में चलाये जा रहे अभियान की सराहना की और कहा कि जिले में कोई भी बच्‍चा कुपोषण से ग्रसित नही रहना चाहिए। इसी प्रकार उन्‍होंने टीबी के मरीजों को टीबी मुक्‍त करने के लिए फूड बास्‍केट वितरण की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्य में समाज के हर वर्ग को सहभागी बनना चाहिए।

   कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने इस अवसर पर बताया कि जिले के आंगनवाडी केंद्रो में हर माह बच्‍चों की ऊँचाई एवं वजन की माप ली जाती है। जिसके मापदण्‍ड के आधार पर अति एवं गंभीर कुपोषित एएसएम (सेम) श्रेणी के बच्‍चों को चिन्हित कर उन्‍हें कुपोषण से मुक्‍त करने के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनसहयोग से कुपोषित बच्चों को पोषण किट का प्रदाय किया जा रहा है। आज इस कार्यक्रम में 24 सेम श्रेणी के बच्‍चों को पोषण किट प्रदाय की जा रही है। इसी प्रकार टीबी के मरीजों को टीबी मुक्‍त करने के लिए एचसीएल, मॉयल एवं जिले में कार्यरत अन्‍य प्रतिष्‍ठानों के माध्‍यम से फूड बास्‍केट का वितरण किया जा रहा है। आज के इस कार्यक्रम में 12 टीबी मरीजों को फूड बास्‍केट का वितरण किया जा रहा है।

   कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिंह द्वारा अतिकुपोषित बच्‍चें सेजल गुजर, एकांश नागरे, भव्‍य धावडे, यौहान मरकाम, शिवांग गुजर, नाविका हनवत, ऋषभ पिछोडे, वृतिका, अपेक्षित, श्रेया बोरीवार, योगेंद्र बोरीवार, शिवांश छिपेकर, वाणी उपवंशी, मीनल राउत, ब्रम्‍हाणी चकारे, सारांश बांगरे, वैष्‍णवी, अनन्‍या, आरोव, धैविक, रूद्र गजभिये, काशवी उइके, वीयांशी सोनवाने, आरोही बिजेवार को पोषण किट का वितरण किया गया है। यह सभी बच्‍चें बालाघाट शहरी क्षेत्र, कुम्‍हारी, धापेवाडा, रोशना, टवेझरी, कोसमी, गोंगलई, खैरी, आंवलाझरी, भरवेली एवं गर्रा के है। पोषण किट में पौष्टिक खाद्य सामग्री एवं कुपोषण दूर करने में मददगार दवाऍ शामिल है।

   कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने टीबी के 12 मरीजों को फूड बास्‍केट का वितरण किया। यह सभी मरीज बालाघाट शहरी क्षेत्र के है। इस अवसर पर जिला कुष्‍ठ उन्‍मूलन अधिकारी डॉ. ऋत्विक पटेल तथा जिला क्षय उन्‍मूलन अधिकारी डॉ. प्रियवृत सोनकर भी उपस्थित थे।

   कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने उद्यानिकी विभाग के एकीकृत बागवानी मिशन के अंतर्गत बालाघाट की अंजु/कमलेश बिसेन,गयखुरी के होमेंद्र/नारायण चौधरी, सोनखार के नंदलाल/मोहपत एवं चापर की ज्‍योति/नेमीचंद बरडिया को 20 हॉर्स पावर का छोटा ट्रेक्‍टर 40 प्रतिशत अनुदान पर वितरण किया। इन हितग्राहियों को अनुदान के रूप में 01 लाख 80 हजार रुपए की राशि प्राप्‍त हुई है। कार्यक्रम में कृषि विभाग की ओर से 10 हितग्राहियों को उडद बीज एवं उन्‍नत कृषि यंत्र अनुदान पर प्रदाय किये गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *