सांदीपनि विद्यालय बालाघाट के छात्रों ने मारी बाजी,

Spread the love

5वीं व 8वीं का 98 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम

  राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा 26 मार्च 2026 को घोषित कक्षा 5वीं एवं 8वीं के परीक्षा परिणामों में सांदीपनि विद्यालय बालाघाट ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गौरवपूर्ण सफलता हासिल की है। विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी विद्यालय का परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा।

 कक्षा 5वीं में कुल 151 विद्यार्थियों में से 148 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 3 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कक्षा 5वीं का परीक्षा परिणाम 98.01 प्रतिशत रहा। हिंदी माध्यम में कु. नोमिता (राजेश गौतम) ने 92.50% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कु. निशिता बोपचे (गौरीशंकर) ने 92.25% के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी माध्यम में कु. काव्या (यमलेश वंजारी) 92% अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहीं तथा लीवांशी पारधी (युगल किशोर) ने 91.75% अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

 इसी प्रकार कक्षा 8वीं में दर्ज 191 विद्यार्थियों में से 188 ने परीक्षा दी, जबकि 3 अनुपस्थित रहे। कक्षा 8वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.43 प्रतिशत रहा। कु. किंजल (सुरेन्द्र बिठले) ने 94.33% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। कु. सिब्बु (योगेश पटले) 93.50% अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कु. भावी (किशोर हनवत) ने 93.33% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।

  उत्कृष्ट परिणाम के पीछे शिक्षकों की सुनियोजित रणनीति रही। प्राथमिक प्रधान पाठक श्री एम.एल. बनोटे (हिंदी माध्यम), श्रीमती अमृता मसराम (अंग्रेजी माध्यम) एवं माध्यमिक प्रधानपाठक सुश्री जेफ़रीन बाघ ने बताया कि पाठ्यक्रम का योजनाबद्ध तरीके से पुनरावृत्ति कराई गई, पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराए गए तथा टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के माध्यम से जटिल विषयों को सरल बनाया गया। साथ ही नियमित कक्षाओं के साथ इकाई परीक्षण एवं उपचारात्मक कक्षाओं का भी संचालन किया गया।


 विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले एवं उपप्राचार्य साजिद मोहिस ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *