बालाघाट जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उप संचालक खनिज प्रशासन सुश्री फरहत जहां के निर्देशन में 29 अप्रैल मंगलवार को सुबह ग्राम कुम्हारी स्थित बैनगंगा नदी में छापामार कार्रवाई कर दो ट्रैक्टर ट्रॉलियों को अवैध रेत उत्खनन करते हुए जब्त किया गया है।
खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल एवं शुभम बोपचे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस के साथ यह कार्रवाई सुबह करीब 4 बजे की गई। टीम को अपनी ओर आता देख वाहन चालक ट्रॉलियों को नदी में ही छोड़कर ट्रैक्टर के इंजन लेकर मौके से फरार हो गए। बाद में टीम ने अन्य ट्रैक्टर इंजन की मदद से दोनों ट्रॉलियों को बाहर निकलवाकर कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। जांच के दौरान ट्रॉलियों पर कोई चेसिस नंबर या पहचान अंकित नहीं मिला। मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वामित्व का दावा भी प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते दोनों ट्रॉलियों को लावारिस स्थिति में जब्त किया गया है।
खनिज विभाग के अनुसार जब्त ट्रॉलियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

