- वारासिवनी के खंडवा गांव की घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
बालाघाट। वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम खंडवा में सोमवार रात एक बुजुर्ग की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय मानिकराम पंचेश्वर के रूप में हुई है। परिजन उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामले में अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। - जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम परिजनों को मानिकराम द्वारा कीटनाशक का सेवन किए जाने की जानकारी मिली। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
बेटे ने लगाया तनाव में होने का आरोप - मृतक के बेटे सुनील पंचेश्वर ने आरोप लगाया कि उनके पिता पिछले कुछ समय से तनाव में थे। सुनील के अनुसार, 20 सितंबर को पड़ोसी चंदूलाल मरठे, उनकी पत्नी नन्हीबाई, बेटे मनोज और बहू सविता ने उनके पिता पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था। बेटे का आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके पिता के साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकी भी दी गई।
- सुनील ने बताया कि घटना के बाद उनके पिता ने वारासिवनी पुलिस से शिकायत भी की थी। बाद में ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि स्वरूप मरठे की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
पुलिस जांच में सामने आएगी मौत की वजह - बुजुर्ग की मौत के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम किया है। पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जादू-टोने के आरोप, कथित मारपीट और धमकी के बाद बुजुर्ग द्वारा कीटनाशक सेवन किए जाने के मामले में पुलिस परिजनों के बयान सहित अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े आरोप जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
* जादू-टोने को लेकर हुई मारपीट के बाद बुजुर्ग ने खाया कीटनाशक, हुई मौत *

