08 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने विभिन्न विभागों के समय-सीमा संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री मायाराम कोल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
- विशेष अभियान के तहत शिविर आयोजित करने के निर्देश
बैठक में 05 जून से 21 जून तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा की गई। जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को 12 से 18 जून के बीच प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी, वीबी-जी-रामजी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
- प्राकृतिक खेती और योग दिवस की तैयारियों पर जोर
कलेक्टर श्री मीना ने उप संचालक कृषि को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 और 20 जून को जिले में दो स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों एवं अनुभवी किसानों की सहभागिता से कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यशालाओं में प्रदर्शन एवं व्याख्यान के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। अभियान के तहत पीपल, आम, बरगद और नीम जैसे पौधों का रोपण कर उनकी जानकारी माय लाइफ एप पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
- बंद खदानों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के निर्देश
बैठक में उप संचालक खनिज को जिले की बंद पड़ी खदानों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वर्षा ऋतु में उनमें एकत्रित पानी के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों और झरनों के दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी इसी प्रकार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। वहीं एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री को झूलते हुए बिजली के तारों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
- जर्जर स्कूल भवनों के सुधार और ईंधन उपलब्धता पर निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक को जिले के जर्जर स्कूल भवनों और क्षतिग्रस्त छतों के सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान स्कूलों में छत से पानी टपकने जैसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी को किसानों को डीजल और पेट्रोल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया।
- रेन वाटर हार्वेस्टिंग और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अधिक से अधिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासकीय भवनों में भी यह व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
- सीएम हेल्पलाइन, राजस्व और ई-ऑफिस कार्यों पर विशेष फोकस
बैठक के अंत में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व अधिकारियों को समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों के रकबे का सत्यापन शीघ्र पूरा करने को कहा गया। साथ ही सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से अधिकतम कार्य करने तथा फाइलों का आदान-प्रदान डिजिटल माध्यम से ही करने के निर्देश दिए गए।

