बालाघाट जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मंगलवार 24 मार्च 2026 को खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल एवं कोतवाली पुलिस बल बालाघाट द्वारा सुबह संयुक्त रूप से ग्राम कुम्हारी, खैरी एवं भटेरा क्षेत्रों में आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया।
उप संचालक खनिज सुश्री फरहत जहां ने बताया कि जांच के दौरान तीन ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। ग्राम कुम्हारी में बिना नंबर का ट्रैक्टर चालक बालचंद लिल्हारे (निवासी खुरसोड़ी) के कब्जे से जब्त किया गया। वहीं ग्राम खैरी में बिना नंबर का ट्रैक्टर, जिसका मालिक अंकित बघेले (निवासी खैरी) बताया गया, अवैध परिवहन करते पाया गया। ग्राम भटेरा में भी बिना नंबर का ट्रैक्टर चालक टिकेश (निवासी भटेरा) को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
इसके अलावा तहसील किरनापुर के ग्राम मंगोली खुर्द स्थित वैनगंगा नदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक ट्रैक्टर (MP 50 ZB 0976) को भी जब्त किया गया। उक्त वाहन चालक भोजू राउत (निवासी लिंगमारा) बताया गया है। चारों वाहनों को जब्त कर कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा परिसर में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान प्रशासन ने मंगोली खुर्द में बैंनगंगा नदी पर अवैध रेत उत्खनन के लिए बनाए गए अस्थायी पुल को ग्राम सरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में क्षतिग्रस्त कर दिया। इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में अवैध खनन को रोकना बताया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

