अमृत हरित महा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा शासन के निर्देशानुसार शहर में व्यापक स्तर पर हरित बेल्ट निर्माण, थीम पार्कों का विकास एवं वृहद वृक्षारोपण किया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी एवं उद्यान अधीक्षक श्री प्रभात राहांगडाले ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बी.डी. कतरोलीया के निर्देशन में सुनियोजित कार्ययोजना तैयार कर कार्य किया जा रहा है।
श्री राहांगडाले ने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र में नई मियावाकी पद्धति के तहत विभिन्न वार्डों में कुल 5,000 पौधों का रोपण किया गया है। इसके अंतर्गत AHP साइट वार्ड क्रमांक 1 में 870 पौधे, समता तालाब वार्ड 14 में 190 पौधे, मोती तालाब की पार वार्ड 23 में 1,750 पौधे, नमो उपवन वार्ड 33 में 1,230 पौधे, वार्ड 33 नदी किनारे 530 पौधे तथा अन्य वार्डों में शेष पौधों का रोपण किया गया है।
अभियान के तहत नवाचार के रूप में शहर के ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर ग्रीन स्पेस का निर्माण किया गया है। इसी क्रम में पुरातत्व संग्रहालय से उत्कृष्ट विद्यालय के आखिरी छोर तक महानगरों की तर्ज पर योजना बनाकर नए छत्रपति शिवाजी पार्क का निर्माण किया गया है, जिसका लाभ नगरवासी स्वास्थ्य एवं मनोरंजन के लिए ले रहे हैं। इसके साथ ही सौंदर्यीकरण के क्रम में दादा-दादी पार्क, नाना-नानी पार्क जैसे थीम पार्कों का निर्माण नए स्थानों का चयन कर किया जा रहा है। AHP साइट में पार्क तैयार किया जा चुका है, जबकि पी.जी. कॉलेज के सामने पार्क निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
नगर पालिका परिषद द्वारा आगामी दिनों में शहर के चौक-चौराहों, सेंट्रल वर्ज, रिक्त स्थलों पर भी थीम पार्क, हरित बेल्ट निर्माण एवं वृहद वृक्षारोपण किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान का उद्देश्य शहर को हरित, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है।

