जनसुनवाई में सुनी गईं आवेदकों की समस्याएँ

Spread the love

163 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए

प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 09 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्‍यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक एवं श्री एम.आर. कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 163 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।

जनसुनवाई में बालाघाट तहसील अंतर्गत ग्राम टवेझरी निवासी नंदकिशोर गराडे संबल योजना की राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आए थे। नंदकिशोर का कहना था कि उसकी माता सुकवंती गराडे की मृत्‍यु 20 मई 2024 को हो चुकी है और उसकी माता का संबल कार्ड भी बना हुआ है। लेकिन अब तक उसे संबल योजना की राशि अब तक प्राप्‍त नही हुई है, इस प्रकरण में जिला श्रम पदाधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

नगरीय क्षेत्र बालाघाट की बूढी निवासी पंचकुला मेश्राम सोसायटी से राशन नही मिलने की शिकायत लेकर आयी थी। पंचकुला मेश्राम का कहना था कि उसे सोसायटी से राशन नही दिया जा रहा है। पंचुकला ने बताया कि उससे सोसायटी वालो ने परिवार के सदस्‍यों के आधार कार्ड की मांग की थी, जिसे देने के बाद भी उसे राशन प्रदाय नही किया जा रहा है। इस प्रकरण जिला आपूर्ति अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

जनपद पंचायत वारासिवनी की ग्राम पंचायत थानेगांव के सरपंच लक्ष्मीकांत बैस सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग लेकर आए थे। उनका कहना था कि उक्त भूमि पर मल्टी जिम एवं बगीचा निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन कुछ लोगों ने झोपड़ी और बाड़ी बनाकर कब्जा कर रखा है। साथ ही कब्जाधारियों ने गलत जानकारी देकर भूमि का पट्टा भी प्राप्त कर लिया है। सरपंच ने मामले की जांच कर कब्जा हटाने और भूमि को ग्राम पंचायत को सौंपने की मांग की है। इस प्रकरण में तहसीलदार वारासिवनी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

बिरसा तहसील के ग्राम बलगांव के ग्रामीण बलगांव में नवीन प्राथमिक शाला भवन स्‍वीकृत किये जाने की मांग लेकर आये थे। ग्रामीणों का कहना था कि बलगांव का प्राथमिक शाला भवन पिछले लगभग 04 वर्षो से जर्जर है। वर्षा ऋतु में भवन में पानी भर जाता है तथा छत से प्‍लास्‍टर एवं अन्‍य निर्माण सामग्री के टुकडे गिरते रहते है, जिससे बच्‍चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। अत: बलगांव में नवीन प्राथमिक शाला भवन स्‍वीकृत किया जाए। इस प्रकरण में सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्‍वयक को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

बालाघाट तहसील के ग्राम हीरापुर की निवासी सुषमा कठौते अपनी माता सुन्दरकली की मृत्यु उपरांत मुआवजा राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। सुषमा कहना था कि 01 मई 2025 को तेज हवा-तूफान के दौरान छत से गिरने के कारण उसकी माता सुन्दरकली की मृत्यु हो गई थी। जिसकी मुआवजा राशि उसे अब तक प्राप्‍त नही हुई है। इस प्रकरण में तहसीलदार बालाघाट को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

भरवेली के लव्य वराडे उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में कक्षा 11वीं के बॉयोलॉजी विषय में प्रवेश दिलाने की मांग लेकर आये थे। लव्य का कहना था कि उसने कक्षा 10वीं में 75.2 प्रतिशत अंक हासिल किया है और अब विद्यालय में कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए आवेदन करने पर उन्हें बॉयोलॉजी के स्थान पर एग्रीकल्चर विषय आवंटित किया गया है। लव्य ने कहा कि उसकी रुचि बॉयोलॉजी विषय में होने के कारण वे इसी विषय में आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं। अत: लव्‍य को उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट में बॉयोलॉजी विषय में प्रवेश दिलाया जाए। इस प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

तहसील कटंगी निवासी अरविंद पशीने अपनी पोती का प्रवेश सांदीपनी विद्यालय कटंगी में कराने की मांग लेकर आये थे। अरविंद का कहना था कि बालिका गार्गी पशीने के माता-पिता का निधन हो चुका है और वह अब अपने दादा के संरक्षण में रह रही है। गार्गी ने पूर्व में उत्कृष्ट विद्यालय बरघाट में अंग्रेजी माध्यम से अध्ययन किया है, लेकिन टीसी के साथ आवेदन करने के बावजूद विद्यालय ने प्रवेश देने से इंकार कर दिया गया। इस प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

बालाघाट जिले के लामता क्षेत्र के ग्राम बटुआ निवासी महेंद्र यादव शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे हटाने की मांग लेकर आये थे। महेंद्र का कहना था कि खसरा क्रमांक 329/1 की भूमि पर कथित रूप से कन्हैयालाल पंचेश्वर ने अतिक्रमण कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया है, इससे खेत तक आने-जाने तथा ट्रैक्टर ले जाने में भारी परेशानी हो रही है। कन्‍हैयालाल द्वारा भूमि पर कब्जा कर उन्हें रास्ते के उपयोग से भी रोका जा रहा है। अत: अतिक्रमण हटाकर उसे उसके खेत तक जाने का मार्ग प्रशस्‍त किया जाए। इस प्रकरण में लामता तहसीलदार को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

जनपद पंचायत बैहर की ग्राम पंचायत कदला की सरपंच श्रीमती लक्ष्‍मी मेरावी बैगा ग्राम हीरापुर से कदला तक पक्‍की सडक बनाये जाने की मांग लेकर आयी थी। सरपंच लक्ष्‍मी मेरावी का कहना था कि ग्राम हीरापुर में बैगा जनजाति के 620 व्‍यक्ति निवासरत है, जिन्‍हें निरंतर कच्‍ची सडक से आवाजाही करना पडता है। इस सडक से आवाजाही करने में बारिश के दिनों में और भी भारी समस्‍या का सामना करना पडता है, अत: शीघ्र यहॉ पक्‍की सडक बनाने का कार्य शुरू किया जाए। इस प्रकरण में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक ईकाई के महाप्रबंधक को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

किरनापुर तहसील के ग्राम नक्शी निवासी रोमेन्द्र मात्रे अपनी भूमि के नक्शा बटांकन एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती की मांग लेकर आये थे। रोमेन्द्र मात्रे ने बताया कि उनकी भूमि प.ह.न. 57, खसरा नंबर 57, रकबा 0.02 हेक्टेयर, ग्राम नक्शी में स्थित है। उनकी भूमि का बंटवारा 20 मार्च 2025 को किया जा चुका है, लेकिन अब तक उक्त भूमि का नक्शा बटांकन एवं सीमांकन रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है। अत: शीघ्र भूमि का नक्शा बटांकन एवं सीमांकन का कार्य पूर्ण कराया जाए। इस प्रकरण में किरनापुर तहसीलदार को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

सरस्‍वती नगर बालाघाट के सेवानिवृत्‍त कर्मचारी बी आर पटले लंबित वेतन भुगतान की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वह जनपद पंचायत बालाघाट से 30 अप्रैल 2014 को सेवानिवृत्‍त हो चुके है। किंतु उन्‍हे माह अप्रैल 2014 का एक माह का वेतन अभी तक भुगतान नही किया गया है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ बालाघाट को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *