* बड़वानी पुलिस के “मिशन D3” का बड़ा असर: 3 थानों के 105 गांवों के पटेल, पुजारा और सरपंचों ने ली बिना डीजे, दारू और दहेज के विवाह कराने की सामूहिक शपथ

Spread the love

*पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल की प्रेरणा से सिलावद मंडी प्रांगण में आयोजित हुई वृहद बैठक।*

*सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट हुआ जनजातीय समाज, पुलिस की मौजूदगी में लिया ऐतिहासिक निर्णय।*

*यातायात नियम, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक।*
बड़वानी पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले में सामाजिक सुधार और कुरीतियों के उन्मूलन हेतु चलाए जा रहे विशेष “मिशन D3 – बिना डीजे, बिना दारू, बिना दहेज”* अभियान से प्रेरित होकर आज समाज सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। दिनांक 06 जून 2026 को ग्राम सिलावद के मंडी प्रांगण में एक वृहद और ऐतिहासिक सामूहिक बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में थाना सिलावद, थाना पलसूद एवं थाना पाटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुल 105 गांवों के प्रमुखों, पटेलों, सरपंचों एवं पुजाराओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता की। बैठक में उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों व ग्रामवासियों ने सामाजिक कुरीतियों को पूरी तरह त्यागने का संकल्प लेते हुए आगामी समय में सभी गांवों में बिना डीजे, बिना दारू एवं बिना दहेज (D3) के वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराने की सामूहिक शपथ ली।
पुलिस टीम ने बढ़ाया ग्रामीणों का हौसला
ग्रामीणों के इस अनुकरणीय फैसले की सराहना करने और समाज में सुरक्षा का वातावरण निर्मित करने के लिए कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सिलावद *निरीक्षक रामकृष्ण लववंशी, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) **विनोद मीणा, *हेमराज वर्मा सहित थाने का पुलिस स्टाफ विशेष रूप से उपस्थित रहा।
पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान
बैठक में उपस्थित थाना प्रभारी सिलावद एवं पुलिस स्टाफ द्वारा ग्रामीण और जनजातीय नागरिकों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से जुड़े निम्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जागरूक किया गया:

  • यातायात सुरक्षा (Traffic Safety): दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए समस्त यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी गई।
  • महिला एवं बाल सुरक्षा (Women & Child Safety): महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध या उत्पीड़न पर तत्काल डायल-112 या निकटतम थाने को सूचना देने हेतु प्रेरित किया गया। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है, पुलिस सदैव आपकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
    साइबर अपराध से बचाव (Cyber Crime Awareness): वर्तमान में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को देखते हुए ग्रामीणों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP शेयर न करने, संदेहास्पद लिंक पर क्लिक न करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।
    शासन की कल्याणकारी योजनाएं: मध्य प्रदेश शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को उनका पूरा लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक बड़वानी के निर्देशानुसार “मिशन D3” अभियान के माध्यम से समाज में सकारात्मक और जमीनी परिवर्तन लाने हेतु जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में इस प्रकार के जागरूकता व संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। समाज प्रमुखों की इस पहल से पूरे जिले में एक स्वस्थ और आदर्श सामाजिक वातावरण निर्मित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *