सीएम हेल्‍पलाईन में राजस्‍व विभाग की लंबित शिकायतों की कलेक्‍टर ने की समक्ष में सुनवाई

Spread the love

कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने 02 जून को सीएम हेल्‍पलाईन में राजस्‍व विभाग की 300 दिनों से अधिक की लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की और उनका निराकरण कराया। समक्ष में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता एवं संबंधित क्षेत्र के पटवारी व राजस्‍व निरीक्षक उपस्थित थे।

        लामता के विशाल नाइक द्वारा शिकायत की गई थी कि उसकी निजी भूमि पर शिक्षक राजेश यादव द्वारा अतिक्रमण कर अवैध कब्‍जा कर लिया गया है। समक्ष में सुनवाई के दौरान लामता के पटवारी को निर्देशित किया गया कि विशाल नाइक की भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण पाये जाने पर उसे हटाने की कार्यवाही करें और इस शिकायत को बंद करने कहा गया।

कटंगी तहसील के ग्राम सावंगी के अनिल कुमार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि राशि नही मिलने की शिकायत की गई थी। समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि नवम्‍बर 2025 से शिकायतकर्ता को किसान सम्‍मान निधि की राशि प्राप्‍त होने लगी है, लेकिन उसके द्वारा इस शिकायत को बंद नही किया जा रहा है। इस पर कलेक्‍टर द्वारा शिकायतकर्ता को चेतावनी दी गई कि जब उसकी शिकायत का निराकरण हो चुका है और इसके बाद भी शिकायत को बंद नही किया जाएगा तो उसके विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। शिकायतकर्ता द्वारा इस पर शिकायत को आज ही बंद करने की बात कही गई।

        किरनापुर के अशोक चौहान द्वारा उसके प्‍लाट की आवासीय भूमि का गलत तरीके से अन्‍य लोगो को स्‍वामित्‍व योजना में पट्टा दे दिया गया है, समक्ष में सुनवाई के दौरान अशोक चौहान की भ‍ूमि का सीमांकन कर गलत तरीके से आवंटित पट्टे को दुरुस्‍त करने के निर्देश दिये गए और इस शिकायत को बंद कराया गया। खैरलांजी तहसील के ग्राम डोंगरिया निवासी कृष्‍ण कुमार दमाहे द्वारा शिकायत की गई थी कि उसकी जमीन का गलत सीमांकन कर दिया गया है जिसके कारण उसे समस्‍या आ रही है, इस पर अगले 04 दिनों के भीतर संबंधित पटवारी, राजस्‍व निरीक्षक एवं अधीक्षक भू-अभिलेख को मौके पर जाकर कृष्‍ण कुमार दमाहे की जमीन का फिर से सीमांकन करने के निर्देश दिये गए।

        बिरसा तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुदमा की शिवप्‍यारी पति दिलीप तोमर द्वारा उसके जमीन के खसरे पर हीरोबाई का नाम दर्ज होने पर इस नाम को हटाकर उसका नाम दर्ज कराने की मांग की गई थी। समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि उक्‍त जमीन आदिवासी समाज की हीरोबाई की है और उसका नाम नही हटाया जा सकता है। शिवप्‍यारी को चेतावनी दी गई कि वह हीरोबाई के नाम की जमीन से तत्‍काल अपना कब्‍जा छोड दे अन्‍यथा उसके विरूद्ध सख्‍त कार्यवाही की जाएगी। इस पर शिवप्‍यारी इस शिकायत को बंद करने के लिए सहमत हो गई है।

        भण्‍डेरी की समीरा खान द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि नही मिलने एवं लालबर्रा तहसील के ग्राम पांडरवानी के हेलुराम कावरे द्वारा घास मद की जमीन के खसरे पर अपना नाम दर्ज कराने संबंधी शिकायत को सुना गया और उनका निराकरण कर शिकायतकर्ता को शिकायत बंद करने के निर्देश दिये गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *