जंगल में संचालित महुआ शराब की भट्ठी नष्ट,700 किलो महुआ लाहन एवं 40 लीटर कच्ची शराब बरामद

Spread the love

वारासिवनी क्षेत्र में छापेमारी, तीन प्रकरण दर्ज, 76 हजार रुपये की सामग्री जब्त

        कलेक्टर श्री मृणाल मीणा के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने 12 जून 2026 को बड़ी कार्रवाई करते हुए वारासिवनी क्षेत्र में महुआ शराब निर्माण के अवैध अड्डों पर छापेमारी की गई है और 76 हजार रुपये का महुआ लाहन एवं कच्चीस शराब जब्त  की गई है। ।

आबकारी विभाग की टीम द्वारा वारासिवनी क्षेत्र के ग्राम कटीटोला साल्हे। से लगे जंगल एवं नालों के किनारे आकस्मिक दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को महुआ शराब निर्माण के लिए संचालित पारंपरिक देशी भट्ठी चालू अवस्था में मिली, जहां अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही थी। आबकारी अमले ने मौके पर ही अवैध भट्ठी को नष्ट कर दिया तथा क्षेत्र की सघन तलाशी के दौरान लगभग 40 लीटर महुआ की कच्ची शराब और शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 700 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया। विभागीय कार्रवाई के तहत महुआ लाहन के आवश्यक नमूने सुरक्षित रखे गए तथा शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका पुनः उपयोग न किया जा सके। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 76 हजार रुपये आंका गया है।

आबकारी विभाग द्वारा जब्त की गई अवैध शराब एवं महुआ लाहन के संबंध में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 03 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। प्रकरणों को विवेचना में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध मदिरा निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वृत प्रभारी एवं उपनिरीक्षक श्री रमाकांत बघेल, आबकारी आरक्षक श्री भानुप्रताप मर्सकोले तथा श्रीमती अनीता कुमारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में जंगल एवं नाला क्षेत्रों में पहुंचकर यह कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न की।

जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है तथा विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *