मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के पालन में जिले के अशासकीय (निजी) विद्यालयों पर अब सख्त निगरानी रखी जाएगी। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशानुसार ऐसे स्कूलों की औचक जांच के लिए विकासखंड स्तर पर निरीक्षण दल सक्रिय किए गए हैं।
जिला प्रशासन को लगातार मीडिया एवं अन्य माध्यमों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी स्कूल प्रबंधन अभिभावकों को एक ही निर्धारित दुकान या स्थान से पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से बाध्य कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में इन सामग्रियों को अधिक कीमत पर बेचने की भी शिकायत सामने आई है।
शासन द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि अभिभावक खुले बाजार से अपनी सुविधा अनुसार सामग्री खरीद सकते हैं। इसके बावजूद कुछ विद्यालयों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही है। शिकायतों में यह भी सामने आया है कि कई स्कूलों में संबंधित पाठ्यपुस्तकों का भंडारण स्कूल परिसर के किसी गोपनीय कक्ष में या आसपास की एक ही दुकान में किया जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर दबाव बनाया जा सके।
इन गंभीर शिकायतों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री मीना ने जांच प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं। अब निरीक्षण दल बिना पूर्व सूचना के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़े विद्यालयों में रैंडम तरीके से औचक निरीक्षण करेंगे। जांच दल के सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन जांच प्रतिवेदन अपने अभिमत सहित संबंधित कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। इन प्रतिवेदनों के आधार पर आगामी दिनों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों द्वारा समीक्षा की जाएगी। बालाघाट जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांचकर्ता व निरीक्षण दल में प्रभारी बीईओ के साथ मे प्राचार्य, बीआरसी, बीडीओ व जनशिक्षक शामिल किए गए है। जिसमे बालाघाट विकासखंड के लिए निरीक्षण व जांचकर्ता दल में प्रभारी बीईओ श्री आलोक मिश्रा, प्राचार्य श्री एसके तुरकर, बीआरसी महेंद्र शरणागत, जनशिक्षक श्रद्धानंद भालाधरे, रामकृष्णन भौमिक एवं श्री सेवानंद सोमनकर को नियुक्त किया गया है। इसी तरह विकासखंड वारासिवनी के लिए श्री वीरेंद्र बनोटे, राजेन्द्र कुमार बारमाटे, सतेंद्र शरणागत, अशोक टेम्भरे एवं कोमल बिसेन, लालबर्रा विकासखण्ड के लिए श्री वाय आर गजभिये, अरुण भगत, श्रीराम तुरकर, एनके बिसेन, श्री सुदामा एडे, विकासखण्ड कटंगी के लिए श्री सीएस कुशराम, आर ताजिर, रविन्द्र हरिनखेड़े, रूपसिंह पटले, गजेंद्र राहंगडाले, खैरलांजी विकासखण्ड के लिए श्री मुकेश तिवारी, शैलेन्द्र सहारे, शंकरलाल भगत, भरतलाल लिल्हारे एवं दिलीप बारेबार को नियुक्त किया गया है।
इसी तरह विकासखण्ड किरनापुर विकासखण्ड के लिए प्रभारी बीईओ श्री गणेश सोनी, प्राचार्य श्रीमती अनिता तारन, बीआरसी सीएल टेकाम, जनशिक्षक सुरजलाल सोनवाने एवं संजय मेरावी, लांजी विकासखण्ड के लिए श्री प्रमोद भिमटे, दुर्गेश फुल्लारे, शिवेंद्र उके, प्रदीप मुरकुटे, विनोद नेवारे, विकासखंड बैहर के लिए बीडीओ श्री नरेन्द्र कुमार वैद्य एवं बीआरसी श्री दीपक तिवारी, विकासखण्ड परसवाड़ा के लिए बीडीओ श्री डीडी ठाकरे एवं बीआरसी श्री अरुण कुमार बिठले तथा बिरसा विकासखण्ड के लिए बीडीओ श्री केके पारधी एवं बीआरसी श्री नंदकिशोर टेकाम को नियुक्त किया गया है।

