जिला पुलिस बालाघाट
दिनाँक-24/06/2026
शासन द्वारा प्रदेशव्यापी साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। मुख्यमंत्री महोदय ने अपने उद्बोधन में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों से डिजिटल लेन-देन एवं सोशल मीडिया के उपयोग में विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने साइबर जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देने, प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
इसी क्रम में जिला बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट रेंज श्री ललित शाक्यवार, उप पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट रेंज श्री विनीत कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक बालाघाट श्री आदित्य मिश्रा की उपस्थिति में साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर “सेफ क्लिक 2.0” अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री ललित शाक्यवार ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि “डिजिटल अरेस्ट” नाम की कोई वैधानिक प्रक्रिया नहीं है। साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को भयभीत करते हैं तथा आर्थिक ठगी का प्रयास करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ऐसे किसी भी कॉल, वीडियो कॉल अथवा संदेश पर विश्वास न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस महानिरीक्षक श्री शाक्यवार ने कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करना आवश्यक है। बच्चे, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक सभी को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नवीन तरीकों की जानकारी होना चाहिए, जिससे वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बच सकें।
अभियान के अंतर्गत जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, आईटीआई, बैंकों, एटीएम केंद्रों, कॉमन सर्विस सेंटरों, डाकघरों, अस्पतालों, ग्राम पंचायतों, महिला समूहों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों एवं शासकीय कार्यालयों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन प्रतियोगिता, जनजागरूकता रैली, सोशल मीडिया अभियान, साइबर रन, साइबर मेला एवं प्रदर्शनी जैसे नवाचार कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जाएगा।
जिला पुलिस बालाघाट द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, क्यूआर कोड, ओटीपी, निवेश योजना अथवा डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी से सतर्क रहें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नम्बर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
//सेफ क्लिक 2.0 – साइबर जनजागरूकता अभियान//
//जिला पुलिस बालाघाट//

