जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएँ सुनी गईं

Spread the love

02 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्‍यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक एवं श्री एम.आर. कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 154 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।

जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के ग्राम हट्टा निवासी किशोर दिन्‍नेवार भू-अधिकार अभिलेख में सुधार कराये जाने की मांग लेकर आये थे। किशोर का कहना था कि उसकी माताजी द्वारा पूर्व में ग्राम हट्टा स्थित खसरा नंबर 292/1 में एक मकान क्रय किया गया था, जिसमें वह 40 वर्षों से निवासरत है, जिसका उसके द्वारा समय समय पर सुधार कार्य किया जाता रहा है। किंतु भू-स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत सर्वेक्षण के दौरान उक्‍त मकान को भूस्‍वामी के रूप में दर्ज न करते हुए शासकीय भूमि के रूप में अंकित कर दिया गया है। अत: इसकी जांच कर न्‍याय संगत कार्यवाही की जाए। इस प्रकरण में तहसीलदार बालाघाट को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

वार्ड नं.07 किरनापुर निवासी घनश्‍याम कुमार डोंगरवार उसकी जमीन नक्‍शे की त्रुटि सुधारने एवं सीमांकन करवाने की मांग लेकर आये थे। घनश्‍याम का कहना था कि उसकी भूमिस्‍वामी हक की भूमि खसरा नं. 510/2ग है जिसका नक्‍शा पटवारी के मूल नक्‍शे की शीट में अलग था, किंतु कुछ वर्षों से उसकी भूमि में 510/2ग को 510/2ड,च में शामिल कर दिया गया है। घनश्‍याम का कहना है कि उसके नक्‍शें में छेडछाड की गई है। अत: नक्‍शें की उचित जांच तथा सीमांकन कराया जाए। इस प्रकरण में एसडीएम किरनापुर को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

बैहर तहसील के ग्राम पाण्डूतला निवासी महेश कुमार धुर्वे उनकी पैतृक एवं स्वामित्व वाली भूमि के अधिग्रहण के बदले मिलने वाली मुआवजा राशि किसी अन्य व्यक्ति को दिये जाने की शिकायत लेकर आए थे। महेश का कहना था कि ग्राम पाण्डूतला में उसकी 0.749 हेक्टेयर भूमि से राष्ट्रीय राज्यमार्ग का निर्माण किया गया है। किंतु सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि के बदले मिलने वाली मुआवजा राशि भूमि के वास्तविक मालिक व हितग्राही को न मिलकर ग्राम पाण्डूतला निवासी सेलिन पति नेपोलियन के नाम स्वीकृत कर दी गई। अत: अन्‍य व्‍यक्ति को दी गई मुआवजा राशि की वसूली कर वास्तविक भूमि स्वामी दिलायी जाए। इस प्रकरण में एसडीएम बैहर को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

वार्ड नं.24 बालाघाट के निवासी राजकुमार बंशकार प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन होने के बावजूद भी राशि प्राप्‍त नही होने की शिकायत लेकर आये थे। राजकुमार का कहना था कि उसने वर्ष 2022 से पीएम आवास योजना के तहत मकान निर्माण करवाने के लिए आवेदन प्रस्‍तुत किया था, जिसमें उसका नाम आ चुका है, किंतु उसके योजना की राशि अब तक प्रदान नही की गई है। इस प्रकरण में नगर पालिका सीएमओ बालाघाट को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

खैरलांजी तहसील के येवराघाट निवासी विलास बोकडे प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना की राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। विलास का कहना था कि उसने अपनी मॉ श्रीमती पुस्‍तकला बोकडे के नाम से प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना वर्ष 2022 में बैंक ऑफ महाराष्‍ट्र शाखा रामपायली में कराया था। जिसकी नियमित रूप से किश्‍त जमा की गई है। विलास ने बताया कि उसकी माता की मृत्‍यु 02 अगस्‍त 2025 को हो चुकी है, किंतु अब तक उसके परिवार को प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना की राशि प्राप्‍त नही हुई है। इस प्रकरण में अग्रणी बैंक प्रबंधक को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

वार्ड नं.02 हीरापुर निवासी लीलाबाई हट्टेवार लाडली बहना योजना की राशि दिलाये जाने की मांग लेकर आयी थी। लीलाबाई का कहना था कि उसे दिसम्‍बर 2023 तक लाडली बहना योजना की राशि प्राप्‍त होती रही है किंतु जनवरी 2024 में यह कहकर राशि बंद कर दी गई की उम्र 60 वर्ष हो गई है। लीलाबाई ने बताया कि उसकी जन्‍मतिथि वर्ष 1981 की है जिसके मुताबिक उसकी उम्र लगभग 45 वर्ष है, अत: उसे लाडली बहना योजना की राशि दिलायी जाए। इस प्रकरण में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए है।

कटंगी तहसील के ग्राम लखनवाडा की नेहा आमाडारे संबल योजना की अनुग्रह सहायता राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। नेहा का कहना था कि उसके पति खेलेंद्र आमाडारे की 24 मार्च 2026 को मृत्‍यु हो चुकी है। नेहा ने बताया कि उसके पति का संबल कार्ड बना हुआ है, और वह इस योजना की राशि ग्रहण करने की पात्रता रखती है किंतु ग्राम पंचायत के सचिव व समन्‍वयक अधिकारी ने उसकी सास उषा आमाडारे को आवेदक बनाकर फार्म पोर्टल पर स्‍वीकृत करवा दिया है। अत: संबल कार्ड की राशि उसकी सास की जगह पत्‍नी के खाते में अंतरित की जाए। इस प्रकरण में जिला श्रम पदाधिकारी को आवश्‍यक कार्यवाही करने कहा गया है।

बैहर तहसील अंतर्गत ग्राम मोहबट्टा निवासी वर्षा परवार कच्चा मकान सुधारने हेतु आर्थिक सहायता मिलने की मांग लेकर आयी थी। वर्षा परवार का कहना था कि वह एक गरीब परिवार से है उसे आँखों से बहुत कम दिखाई देता है व उसकी एक बेटी है जो विकलांग है। उसने बताया की उसका एक कच्चा घर है जिसमे वह अपने परिवार के साथ रहती है। यदि बारिश के पहले कच्चे मकान कों नहीं सुधारा गया तों मकान के गिरने की संभावना है। इस प्रकरण में सम्बंधित विभागीय अधिकारी कों इस प्रकरण में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है।

वार्ड क्र. 08 बंजारीटोला मलाजखंड के नागरिक पार्षद सूबेदार सिंह कुशवाहा की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग लेकर आये थे। उनका क़हना था कि उनके वार्ड के पार्षद श्री सूबेदार सिंह कुशवाहा का जनता के प्रति दुर्व्यवहार, बैठकों में अनुपस्थित रहना व ऐसे बहुत से कारण है जिसके कारण उन सभी ने पार्षद को निरस्‍त करने की माँग की है कि पार्षद को तत्काल उनके पद से हटा दिया जाए। इस प्रकरण में सम्बंधित विभागीय अधिकारी कों आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

परसवाड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम बोदा निवासी अरविन्द नक्शा सुधार की मांग लेकर आये थे। अरविन्द का कहना था कि उसने नक्शा सुधार के लिए आवेदन परसवाड़ा एसडीएम कार्यालय में जमा किया था। वहाँ से आवेदन तहसील कार्यालय होते हुए पटवारी के पास पहुंच चुका है लेकिन अभी तक उसे नक्शा सुधार की कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। इस प्रकरण में एसडीएम परसवाड़ा कों आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *