शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सड़क एवं विकास कार्यों पर हुई विस्तृत समीक्षा
अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी की अध्यक्षता में 21 मई को जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं विकास गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विधायक राजकुमार कर्राहे, गौरव सिंह पारधी, विवेक विक्की पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, कलेक्टर श्री मृणाल मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कृषि, शिक्षा, लोक निर्माण, सेतु निर्माण, जल संसाधन, स्वास्थ्य, आदिम जाति कल्याण, नगर पालिका एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
शिक्षा व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि जिले में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए ठोस रणनीति अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणामों की सराहना करते हुए कहा कि बालिकाओं के साथ-साथ बालकों की शिक्षा गुणवत्ता में भी सुधार लाना जरूरी है। उन्होंने सभी शासकीय विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि कोई भी छात्र-छात्रा शिक्षा से वंचित न रहे। निःशुल्क साइकिल वितरण योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विद्यार्थियों को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जाए। वारासिवनी विधायक विवेक विक्की पटेल ने सांदीपनि स्कूलों में रिक्त सीटों को जल्द भरने की बात कही, ताकि जरूरतमंद विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके। बैठक में पीएम श्री योजना अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बारिश से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कृषि में आधुनिक तकनीक अपनाने से किसानों को समय व लागत में मिलेगा लाभ
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद पारधी ने डीएसआर तकनीक के माध्यम से धान की बुआई का लक्ष्य तय करने और किसानों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक अपनाने से किसानों को समय और लागत दोनों में लाभ मिलेगा। सरसों की कम खरीदी पर नाराजगी जताते हुए सांसद ने अधिक से अधिक खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ मिल सके। कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोदो-कुटकी के बीज समय पर किसानों तक पहुंचाए जाएं। कटंगी विधायक गौरव सिंह पारधी ने किसानों को समय पर फसल बोने की सलाह देने और जिले में रागी उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग एवं सेतु निर्माण उपसंभाग की समीक्षा के दौरान सांसद पारधी ने विभिन्न विभागों में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्रा रेलवे ओवर ब्रिज का कार्य 5 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं भटेरा ब्रिज के शेष कार्यों को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान वारासिवनी विधायक विवेक विक्की पटेल ने वारासिवनी क्षेत्र में योग्य डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया। सांसद पारधी ने जिले में चलाए जा रहे टीबी मुक्त अभियान की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मरीजों की पहचान और उपचार में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष मरीजों की पहचान कर उन्हें समुचित इलाज एवं पोषण किट उपलब्ध कराई जाए।
जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं पर फोकस
जल संसाधन विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने जिले के बड़े तालाबों में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने और गर्मी के मौसम में पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका बालाघाट की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्विमिंग पूल निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का सदुपयोग करते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करने को कहा। गीता भवन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पीएम आवास योजना की सराहना करते हुए कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलना चाहिए और कोई भी जरूरतमंद इससे वंचित न रहे। साथ ही जिले में डंपिंग यार्ड विकसित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि कचरे के उचित प्रबंधन से बीमारियों पर नियंत्रण किया जा सकता है।

