नवनिर्मित त्रिरत्न बुद्ध विहार का लोकार्पण एवम प्रतिमा का अनावरण संपन्न

Spread the love

जिला स्तरीय त्रिरत्न बुद्ध विहार, कोसमी (बालाघाट) में हुआ भव्य आयोजन
बालाघाट जिले के कोसमी स्थित जिला स्तरीय त्रिरत्न बुद्ध विहार में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण समारोह सोमवार, 9 फरवरी 2026 को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सम्यक संबुद्ध भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण, भिक्कू निवास का उद्घाटन एवं त्रिरत्न ध्वजारोहण भी विधिवत रूप से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः आगंतुक भिक्षु संघ के स्वागत, बुद्ध वंदना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोकार्पण समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक एवं शांतिमय वातावरण बना रहा।
समारोह में देश-विदेश से पधारे अनेक वरिष्ठ भिक्कू , भंते, बौद्ध भिक्कू संघ के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूज्य भंते सदाशरण मानक जी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बुद्ध विहार केवल पूजा स्थल ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और मानव कल्याण का केंद्र होता है। उन्होंने समाज से बुद्ध के करुणा, अहिंसा और समता के संदेशों को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ताओं ने त्रिरत्न—बुद्ध, धम्म और संघ—के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन तीनों के मार्ग पर चलकर ही समाज में शांति, भाईचारा और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने नवनिर्मित बुद्ध विहार को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रवचन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भिक्कू संघ द्वारा सामूहिक प्रार्थना एवं शांति पाठ किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह बुद्ध विहार भविष्य में ध्यान शिविर, प्रवचन कार्यक्रम, सामाजिक बैठकें एवं धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच, नैतिकता एवं मानवता के मूल्यों को बढ़ावा दिया जाएगा।
समारोह में विहार निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं, कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना, प्रसाद वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आयोजन ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बन गया। पूरे क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश प्रसारित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *