आबकारी विभाग की छापामार कार्यवाही

Spread the love

07 दिनों में 11.50 लाख रुपये की अवैध शराब व महुआ लाहन किया गया जब्त

जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर छापामार कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का के मार्गदर्शन में की गई।

जिला आबकारी अधिकारी श्री अजीत एक्का ने बताया कि अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग के मैदानी अमले ने 28 जनवरी से 3 फरवरी 2026 के मध्य जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए अवैध शराब निर्माण एवं संग्रहण के विरुद्ध दबिश दी है। अभियान के दौरान वृत-बालाघाट के ग्राम परसाटोला, पायली, धनसुआ, जरेरा एवं सुरवाही, वृत-लांजी के ग्राम चीचमटोला, अंधियाटोला, बीरनपुर एवं डोंगरगांव, वृत-कटंगी के ग्राम चौखंडी, संग्रामपुर, गोरेघाट, जमुनिया एवं मंगलेगांव तथा वृत-बैहर पूर्व एवं पश्चिम के ग्राम कुमादेही, शेरपार, भंडेरी, तुमड़ीभाट, खर्रा, गोहारा एवं झांगुल में कार्रवाई की गई। इस दौरान वृत-बालाघाट में 20, वृत-लांजी में 14, वृत-वारासिवनी में 10, वृत-कटंगी में 20, वृत-बैहर पूर्व में 6 एवं वृत-बैहर पश्चिम में 14 प्रकरण दर्ज किए गए।

इस प्रकार कुल 84 प्रकरणों में 594.08 लीटर अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा जप्त की गई तथा 10,560 किलोग्राम लाहन बरामद कर विधिवत नष्ट किया गया। जप्त मदिरा एवं लाहन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 11 लाख 50 हजार 170 रुपये बताया गया है। प्रकरणों में कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इस संपूर्ण कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री रमाकांत बघेल, श्री संदीप श्रीवास, श्रीमती मायावती मरावी सहित आबकारी विभाग का अधीनस्थ अमला सक्रिय रूप से शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *