कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने कटंगी एसडीएम श्री केसी ठाकुर को अभिलेख दुरुस्ती संबंधी आवेदन आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज न किया जाकर सीधे अधीनस्थ न्यायालय तहसीलदार की ओर जांच प्रतिवेदन के लिए प्रेषित करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। एसडीएम श्री केसी ठाकुर को 03 दिनों के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नही मिलने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
कटंगी तहसील के ग्राम जराहमोहगांव निवासी हरलाल डहरवाल द्वारा अभिलेख दुरुस्ती के लिए 27 मई 2024 को आवेदन प्रस्तुत किया गया था और इस प्रकरण का निराकरण नही होने पर उसके द्वारा सीएम हेल्पलाईन में 09 जुलाई 2025 को शिकायत दर्ज करायी गई थी। कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा 03 फरवरी को समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि यह प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नही किया गया है। राजस्व अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिये जाने के बाद भी कटंगी एसडीएम न्यायालय एवं अधीनस्थ न्यायालयों में अपंजीकृत प्रकरण प्राप्त हुए है। जिसके कारण कटंगी एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

