नगरीय क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिले के सभी नगरीय निकायों के अध्यक्षों एवं अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के नगरीय क्षेत्रों बालाघाट, वारासिवनी, मलाजखंड, कटंगी, बैहर एवं लांजी में शुद्ध पेयजल प्रदाय व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी श्री राहुल नायक, नगर पालिका बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि श्री योगराज कारो लिल्हारे, वारासिवनी की अध्यक्ष श्रीमती सरिता मनोज दांदरे, लांजी की अध्यक्ष श्रीमती रेखा ताराचंद कालबेले, मलाजखंड के अध्यक्ष श्री मानसिंह मेरावी सहित सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री मीना ने बैठक में निर्देश दिए कि सभी नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता की नियमित रूप से जांच की जाए तथा नल कनेक्शन और पाइप लाइन में होने वाले लीकेज की सतत निगरानी कर तुरंत सुधार कार्य किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो, वहां नई पाइप लाइन बिछाने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए। पेयजल की पाइप लाइन नालियों एवं सीवरेज के पानी के संपर्क में न आए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जल प्रदूषण की समस्या उत्पन्न न हो।
कलेक्टर श्री मीना ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में संचालित होटल एवं रेस्टोरेंट की नियमित जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध पेयजल ही उपलब्ध कराया जा रहा है। बैठक में नगरीय निकायों द्वारा पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

