रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत समर्थन मूल्य पर बालाघाट जिले के इतिहास में किसानों से पहली बार कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी की खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तक बढा दी गई है। अब जिले के पंजीकृत किसान 31 जनवरी तक कोदो कुटकी का समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकते है।
उपसंचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि जिले में अब तक 207 किसानों से 2024 क्विंटल कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। जिले के 202 किसानों से 50 लाख 24 हजार 947 रुपए की 2010 क्विंटल कोदो एवं 05 किसानों से 48 हजार 993 रुपए की 14 क्विंटल कुटकी की खरीदी की गई है। कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में किसानों की सुविधा के लिए समर्थन मूल्य पर कोदो कुटकी की खरीदी का केन्द्र बैहर में बनाया गया है। समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी की खरीदी का कार्य बिरसा क्रॉप प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। जिले के 783 किसानों ने कोदो एवं 34 किसानों ने कुटकी समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन कराया है। कोदो-कुटकी की खरीदी 31 जनवरी 2026 तक की जायेगी।
01 हजार रुपए प्रति क्विंटल मिलेगी प्रोत्साहन राशि
श्रीअन्न उत्पादक जिले के कृषकों से खरीफ- 2025 में उत्पादित श्रीअन्न कुटकी 3500 रूपये प्रति क्विंटल एवं कोदो 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जा रही है। इसके अतिरिक्त कृषको को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से संबंधित कृषकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रदाय किये जायेंगे। इस प्रकार जिले के कोदो-कुटकी विक्रय करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 14 लाख 40 हजार रुपए की राशि अतिरिक्त मिलेगी। सभी पंजीकृत किसानों से निर्धारित एफएक्यू मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपज लेकर ही उपार्जन केंद्र पर आने की अपील की गई है।
समर्थन मूल्य पर कोदो का विक्रय करने वाले किसानों को अब तक 24 लाख 68 हजार 587 रुपए तथा कुटकी विक्रय करने वाले किसानों को 22 हजार 741 रुपए का भुगतान कर दिया गया है और यह राशि किसानों के खाते में जमा हो गई है।

