गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की रिहर्सल सम्पन्न

Spread the love

26 जनवरी को मुलना स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय समारोह

26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालाघाट में मुख्य समारोह का आयोजन मुलना स्टेडियम ग्राउंड में प्रातः 09 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जा रही हैं।

इसी क्रम में 24 जनवरी को मुलना स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया एवं सलामी ली गई। रिहर्सल में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, जिला पुलिस बल, होमगार्ड के जवानों तथा एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट किया गया। इसके साथ ही 26 जनवरी को प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी अभ्यास रिहर्सल संपन्न हुई।

रिहर्सल के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने एवं आवश्यक सुधार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं दलों को दिए गए ताकि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह में सहभागी बनें और देशभक्ति के इस उत्सव को गरिमा प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *