वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र स्वास्थ्य कल्याण शिविर का आयोजन

Spread the love

आयुष विभाग द्वारा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 12 फरवरी 2026 को वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र स्वास्थ्य कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा उनके सामाजिक जुड़ाव को बढ़ाकर जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।

यह शिविर नया जीवन ज्योति सहारा वृद्धाश्रम, भटेरा (बालाघाट) में आयोजित किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मिलिंद चौधरी ने शिविर में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा एवं संतुलित दिनचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला तथा आयु से संबंधित रोगों के प्राकृतिक उपचार एवं नियंत्रण के लिए आयुष पद्धतियों को अपनाने हेतु वरिष्ठ नागरिकों को प्रेरित किया।

शिविर की प्रभारी अधिकारी डॉ. दीपाली चौके ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान विभागीय चिकित्सकों द्वारा सभी वरिष्ठ नागरिकों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के अंतर्गत मधुमेह, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक रक्त परीक्षण भी किए गए, जिससे वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य स्थिति का समुचित मूल्यांकन किया जा सका।

इस अवसर पर डॉ. दीपाली चौके, डॉ. मनीषा मरकाम, डॉ. वैशाली वाकड़े सहित सहायक स्वास्थ्यकर्मियों श्रीमती वंदना मौरे, श्री गौतम मसूरकर, श्रीमती अनीता पारधी एवं श्री सुरेश पटले की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही। समग्र स्वास्थ्य कल्याण शिविर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। इस शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परामर्श, परीक्षण एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्होंने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *