स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर बैहर रोड स्थित होटल कायनात एंड फैमिली रेस्टोरेंट का खाद्य पंजीयन निलंबित

Spread the love

कलेक्टर श्री मृणाल मीना के निर्देशन में खाद्य एवं स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा संयुक्‍त रूप से निरंतर जिले के प्रतिष्‍ठानों का निरीक्षण कर वहॉ की व्‍यवस्‍थाओं, खाद्य सामग्रियों की गुणवत्‍ता एवं साफ सफाई का जायजा लिया जा रहा है। इसी कडी में 30 जनवरी को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप की उपस्थित में खाद्य सुरक्षा अमले द्वारा बैहर रोड, बालाघाट स्थित होटल कायनात एंड फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान होटल के किचन में कई गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां पायी गईं। किचन की फर्श अत्यंत गंदी पाई गई तथा दीवारों पर टाइल्स न होने के कारण अस्वच्छ स्थिति बनी हुई थी। बर्तन धुलाई क्षेत्र में फफूंद पायी गई तथा रसोई में सड़ी-गली धनिया का उपयोग किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त होटल द्वारा आवश्यक स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया गया था।

इस तरह की गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए होटल का खाद्य पंजीयन निलंबित करते हुए खाद्य व्यवसाय को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। कार्रवाई के तहत होटल के किचन एवं गैस सिस्टम को भी सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे, गीता टांडेकर एवं राहुल टेम्भूर्ने उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के सख्त पालन के निर्देश दिए गए हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार की निरीक्षण कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *