जराहमोहगांव में कबड्डी और भानेगांव स्कूल को मिली बास्केटबॉल मैदान की सौगात
प्रधानमंत्री श्री योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग क्रमांक-02 द्वारा जिले के दो शासकीय विद्यालयों में आधुनिक खेल मैदानों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
कार्यपालन यंत्री श्री मनोज धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि कटंगी विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जराहमोहगांव में कबड्डी खेल मैदान तथा लांजी विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भानेगांव में बास्केटबॉल खेल मैदान का निर्माण कराया गया है। दोनों खेल मैदानों का निर्माण 5–5 लाख रुपये की लागत से किया गया है। उन्होंने बताया कि इन खेल मैदानों के निर्माण से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण खेल वातावरण मिलेगा। अब छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में ही व्यवस्थित ढंग से अभ्यास कर सकेंगे, जिससे उनकी शारीरिक क्षमता के साथ-साथ खेल प्रतिभा का भी विकास होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना का अभाव अक्सर बच्चों की प्रतिभा को आगे बढ़ने से रोकता है। ऐसे में पीएम श्री योजना के तहत किए जा रहे ये निर्माण कार्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होंगे। स्थानीय अभिभावकों और शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना की है और इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इन खेल मैदानों से न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण भी विद्यार्थियों में विकसित होंगे। आने वाले समय में इन सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।
प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत इस प्रकार के निर्माण कार्य यह दर्शाते हैं कि सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं शारीरिक विकास को भी समान रूप से महत्व दे रही है।

