कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने कटंगी के नायब तहसीलदार एवं प्रभारी तहसीलदार राकेश प्रजापति को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। नायब तहसीलदार राकेश प्रजापति को 03 दिनों के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। समय सीमा में संतोषजनक जवाब नही मिलने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
03 फरवरी को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कटंगी तहसील के ग्राम कालीमाटी निवासी फूलनबाई बोपचे द्वारा शिकायत की गई थी कि उसके जमीन पर अन्य लोगो द्वारा अवैध निर्माण कर निस्तारी रास्ता बंद कर दिया गया है। फूलनबाई बोपचे द्वारा 28 अप्रैल 2025 को तहसीलदार कटंगी के समक्ष निस्तारी रास्ता खुलवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है, जिस पर हल्का पटवारी द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और तहसीलदार कटंगी द्वारा 26 नवम्बर को आदेश पारित कर दिया गया, लेकिन इस आदेश में खसरा नम्बर 194/4 के स्थान पर 193/3 कर दिया गया था। इस पर फूलनबाई द्वारा 15 दिसम्बर 2025 को संशोधित आदेश पारित करने के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन तहसील कार्यालय से फूलनबाई का प्रकरण गुम होने की जानकारी देकर तहसीलदार कटंगी द्वारा फूलनबाई को संशोधित आदेश नही दिया गया।
कटंगी तहसीलदार न्यायालयीन प्रकरणों के निराकरण में अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्व निर्वहन के प्रति घोर लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर श्री मीना ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 03 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा है।

