लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया
जिले में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, बालाघाट के सभागार में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मृणाल मीना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में स्वीप आइकन श्री ज्ञानेश्वर घोड़ेश्वार, अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप गौरव, एसडीएम श्री गोपाल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बीएलओ, नए मतदाता एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान द्वारा 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया है। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने आसपास के पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में भी सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान पारदर्शिता के साथ त्रुटिरहित सूची तैयार की जा रही है, जिसमें प्रशासन की बड़ी भूमिका होती है। श्री मीना ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का अवश्य उपयोग करना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि बालाघाट जिले द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जी.एस. धुर्वे को भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल द्वारा सम्मानित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां प्रत्येक मतदाता के वोट का मूल्य समान है। आज के छात्र-छात्राएं भविष्य के मतदाता हैं, इसलिए उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझते हुए बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष रूप से मतदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें कैसा भारत चाहिए, यह हमारे मतदान से ही तय होता है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी विशेषता सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण है। निर्वाचन आयोग प्रत्येक मतदाता के अधिकार की चिंता करता है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे मतदान केंद्र भी हैं, जहां केवल एक मतदाता के लिए संपूर्ण व्यवस्थाएं की जाती हैं, इसलिए सभी नागरिकों को मतदान की प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के ऑडियो संदेश से हुई। इसके पश्चात कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं निर्भीक, निष्पक्ष मतदान का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ विधानसभा क्षेत्र बैहर की श्रीमती मीनाक्षी शरणागत, श्रीमती सीमा बोपचे, विधानसभा क्षेत्र लांजी से दिनेश नारनौरे, चन्द्रकुमार वैद्य, विधानसभा क्षेत्र परसवाड़ा से राजेन्द्र पारधी, मधुसूदन चौधरी, विधानसभा क्षेत्र बालाघाट से श्रीमती ममता बिसेन, श्रीमती रीता बनोटे, वारासिवनी से धनश्याम प्रसाद चौरागढ़े, श्रीमती रोमन बंसोड़ एवं विधानसभा क्षेत्र कटंगी से रोहित कुमार लिमझा व विकास घुरसारिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए कम्यूटर आपरेटर श्रीमती स्वाति टेंभरे, किशोर एड़े, संदीप वराड़े, विजेन्द्र बड़घैया, अशोक नगपुरे, संदेश मेश्राम, विजय पटले, आशीष ठाकरे, प्रवीण नागेश्वर को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री शरद ज्योतिषी ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता जागरूकता बढ़ाना एवं लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करना रहा।

