जिले में धूमधाम से मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस

Spread the love

कलेक्‍टर श्री मीना ने मुख्‍य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली

प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी जिले में 26 जनवरी 2026 को 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय बालाघाट में मुलना स्‍टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित किया गया,जिसमें कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली तथा मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम दिये गये संदेंश का वाचन किया। इस अवसर पर विद्यालयों के बच्‍चों द्वारा रंगारंग सांस्‍कृतिक कार्यक्रम प्रस्‍तुत किये गये और विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित झांकियां निकाली गई। इस अवसर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती भारती पारधी, मध्‍यप्रदेश पिछडा वर्ग आयोग की सदस्‍य श्रीमती मौसम बिसेन, नगर पालिका बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय सिंह, उप महानिरीक्षक श्री विनीत जैन, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्‍य मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री प्राणेश कुमार प्राण, अपर कलेक्टर श्री डी पी बर्मन, अन्य गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पत्रकार, छात्र-छात्रायें एवं बडी संख्‍या में आमजन उपस्थित थे।

मुलना स्‍टेडियम ग्राउंड बालाघाट में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर मुख्‍य समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना ने राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया और राष्‍ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। इसके पश्‍चात मुख्‍य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया और आसमान में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये । इसके पश्‍चात मुख्य अतिथि कलेक्‍टर श्री मीना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेश की जनता के नाम दिया गया संदेश पढ़कर सुनाया। इसके पश्चात लोकतंत्र सेनानी श्री रमेश रंगलानी एवं श्री अशोक कुमार केहरी का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि कलेक्‍टर श्री मीना ने परेड की सलामी ली। परेड कमांडर श्री कमलेश परस्‍ते के नेतृत्व में हाक फोर्स, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, जिला पुलिस बल, एनसीसी के केडेट्स, स्‍काउट के गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों एवं शौर्या दल की सदस्‍यों द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया और तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस के जवानों द्वारा हर्ष फायर किये गये। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पुस्तुत किये गये।

इसके पश्‍चात वन विभाग, स्‍कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, जिलापंचायत , महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, आईटीआई, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग, जिला व्‍यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं मैंगनीज ओर इंडिया लिमिटेड (मॉयल) द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकी निकाली गई। वन विभाग की झांकी में वनों एवं वन्‍य प्राणियों के संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला पंचायत की झांकी में स्‍वच्‍छ भारत मिशन, आजीविका मिशन से सशक्‍त होती महिलाओं, एक बगिया मॉ के नाम योजना का प्रदर्शन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह रोकने का संदेश दिया गया। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की झांकी ने कन्‍या भ्रूण हत्‍या रोकने एवं सुरक्षित प्रसव का संदेश दिया गया। कृषि विभाग की झांकी में प्राकृतिक खेती को अपनाने का संदेश दिया गया। आईटीआई की झांकी में मुख्‍यमंत्री सीखो कमाओ योजना एवं सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को बताया गया। पशुपालन विभाग की झांकी में उन्‍नत नस्‍ल के पशुपालन से दुग्‍ध उत्‍पादन को बढाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शानदार मार्च पास्ट के लिए जुनियर वर्ग में एमएलबी के स्काउट गाइड को प्रथम, एनसीसी जूनियर डिविजन ब्‍यावज एवं गर्ल्‍स को द्वितीय तथा एनसीसी सीनियर डिविजन पीजी कॉलेज बालाघाट को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। सीनियर वर्ग में हाक फोर्स को प्रथम, 123वीं बटालियन सीआरपीएफ भरवेली को द्वितीय एवं 36-भारत रक्षित वाहिनी कनकी के जवानों को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। झांकियों में जिला पंचायत की झांकी को प्रथम, लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी विभाग की झांकी को द्वितीय तथा वन विभाग की झांकी को तृतीय पुरुस्‍कार दिया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों पर रात्री में की जाने वाली रोशनी के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय को प्रथम, जिला पंचायत कार्यालय बालाघाट को द्वितीय एवं एसडीएम कार्यालय बालाघाट को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सांदीपनि विद्यालय बालाघाट को प्रथम, एमएलबी को द्वितीय तथा माता सबुरी कन्‍या शिक्षा परिसर गोंगलई को तृतीय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट को चतुर्थ एवं दादाबाडी स्‍कूल को पांचवा पुरुस्‍कार दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *