कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में 24 फरवरी को अग्रणी बैंक योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की संयुक्त बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार, विभिन्न बैंकों के समन्वय अधिकारी एवं कृषि, उद्योग, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, जनजातीय कार्य विभाग, पिछडा वर्ग कल्याण, अंन्त्येवसायी विकास निगम, आईटीआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने विशेष रूप से बिरसा मुंडा योजना, संत रविदास योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर और अधिकतम संख्या में उपलब्ध कराया जाए। पीएम विश्वकर्मा योजना भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। कलेक्टर श्री मीना ने विभागीय योजनाओं में ऋण वितरण के लक्ष्य 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों से कहा गया कि स्वीकृत प्रकरणों में शीघ्रता से ऋण वितरण करें। ऋण वितरण में अनावश्यक विलंब नही होना चाहिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की और बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर उनका समयबद्ध निराकरण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर समन्वय के माध्यम से जिले में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।

