कलेक्‍टर ने जनसुनवाई में सुनी आवेदकों की समस्या

Spread the love

96 आवेदक अपनी समस्यायें लेकर पहुंचे

प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में 10 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव ने आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका निराकरण करने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में 96 आवेदक अपनी समस्या लेकर आये थे ।

जनसुनवाई में लांजी तहसील के ग्राम बकरामुंडी निवासी तिलकसिंह वरकड़े शिकायत लेकर आये थे कि उसका परिवार 100 वर्ष से जिस जमीन पर कब्‍जा है उसका देवचंद कालबेले, कपूरचंद कालबेले, ताराचंद कालबेले ने कूटरचित तरीके से जालसाजी कर फर्जी भूमि स्वामी का पट्टा बना लिया है। जिसके कारण उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त होना पड़ रहा है। अत: इसकी जांच कर दोषी व्यक्तियों पर कार्यवाही की जाये। इस प्रकरण में लांजी एसडीएम को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।

खैरलांजी तहसील के ग्राम भौरगढ़ की रजनी मुड़े परिवार पेंशन दिलाने की मांग लेकर आयी थी। उसका कहना था कि कोरोना काल में माता-पिता दोनों की मृत्यु हो गई है। उसके पिता शासकीय प्राथमिक शाला कटोरी से सेवानिवृत्त हुए थे। उसके पास अपना गुजारा करने के लिए कोई सहारा नहीं है। इस पर सामाजिक न्यााय विभाग की जिला समन्वयक को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

जनसुनवाई में मंडई टेकरी लांजी के निवासी 73 वर्षीय मानिक सोनवाने शिकायत लेकर आये थे कि उनके द्वारा अपनी विधवा पुत्री का पुनर्विवाह कराये जाने के कारण बिंझवार समाज के अध्यक्ष अजय पालेवार, उपाध्य्क्ष राजकुमार मलगाम, कोषाध्यक्ष राजू मेघनाथ एवं लक्ष्मण नेवारे द्वारा सामाजिक बैठक बुलाकर उसे 10 साल की अवधि के लिए जाति समाज से बहिष्कृत कर दिया गया है और उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मानिक सोनवाने का कहना है कि उसकी पुत्री का पूर्व में विवाह होने के बाद वर्ष 2022 में गंभीर बीमारी के कारण उसके पति की मृत्यु हो गई है। उसने अपनी विधवा पुत्री का सामाजिक रीति रिवाज के अनुसार एवं कोर्ट मैरिज के माध्य‍म से महाराष्ट्र रामटेक के युवक से 08 जनवरी 2026 को पुनर्विवाह कराया है। अपनी विधवा पुत्री का पुनर्विवाह कराना समाज के लोगों द्वारा स्वीकार नहीं किया जा रहा है और उसका सामाजिक बहिष्कार करने का फरमान 16 जनवरी 2026 को जाति समाज की बैठक में सुनाया गया है। जिसके कारण वह मानसिक पीड़ा व क्लेश से परेशान है। इस पर लांजी एसडीएम को आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

कटंगी तहसील के ग्राम सेलवा के निवासी शुभम विश्वकर्मा नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजना की राशि दिलाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वह नि:शक्त है और उसका विवाह 10 मई 2024 को हुआ है। उसने नि:शक्त विवाह प्रोत्सावहन योजना में मिलने वाली राशि के लिए 04 सितम्बर 2024 को आवेदन किया है, लेकिन उसे अब तक राशि नहीं मिली है। अत: उसे शीघ्र राशि दिलायी जाये। इस पर सामाजिक न्याय विभाग की जिला समन्वयक को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

बिरसा तहसील के ग्राम कैंडाटोला की संगीता मरकाम संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। संगीता का कहना था कि उसके पति नोहर सिंह की 09 जनवरी 2024 को मृत्यु हो गई है। उसके परिवार का संबल योजना में पंजीयन है। उसके द्वारा ग्राम पंचायत कैंडाटोला में सभी दस्तावेजों के साथ संबल योजना की अनुग्रह राशि के लिए आवेदन जमा कर दिया गया है, लेकिन अब तक उसे अनुग्रह राशि नहीं मिली है। ऐसी ही शिकायत लेकर बालाघाट विकासखंड के ग्राम तिवड़ीकला की रेखा पंचभावे भी आयी थी। रेखा के पति देवेन्द्र की 10 जनवरी 2025 को मृत्यु हो गई है और उसका परिवार भी संबल योजना में पंजीकृत है। इस पर जिला श्रम पदाधिकारी को दोनों प्रकरणों की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

जनसुनवाई में स्वास्थ्य़ विभाग के अंतर्गत एनएचएम में वर्ष 2021 में नियुक्त योगा शिक्षक वेतन दिलाये जाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि लगभग 26 योगा शिक्षक प्राथमिक स्वास्थ्य़ केन्द्र धपेरा-मोहगांव, कचनारी, दमोह, बिरसा, लामता, गोरेघाट, महदुली, हट्टा, मंडई, जाम, परसवाड़ा, बैहर, आंजनबिहरी, किरनापुर, कटंगझरी में कार्यरत हैं। उन्हें माह जुलाई 2025 से जनवरी 2026 तक का वेतन नहीं मिला है। जिससे योगा शिक्षक आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। अत: उन्हें 07 माह का बकाया वेतन शीघ्र दिलाया जाये। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य़ अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं। लालबर्रा तहसील के ग्राम कनकी निवासी दुलिराम कापसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वे ग्राम कनकी में कई पीढ़ियों से रह रहे है। उन्हें पूर्व में इंदिरा आवास के लिए प्लाट मिला है लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण वे बांस-बल्ली डालकर एक झोपड़े में रह रहे है। उनका कहना है कि उन्हें पीएम आवास योजना से एक घर मिल जाएं तो वे भी अपना जीवन-यापन अच्छे से कर सकते है। इस प्रकरण में जनपद सीईओ को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है।

कटंगी विकासखंड के ग्राम सावंगी की शोभा डोंगरवार शिकायत लेकर आयी थी उसे वर्ष 2024 में पशु शेड स्वीकृत किया गया है। ग्राम पंचायत की अनुमति से उसने पशु शेड का काम चालू भी कर लिया है, लेकिन उसे अब तक शासन से इस कार्य के लिए राशि नहीं मिली है। इस पर जिला पंचायत के मनरेगा परियोजना अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं। वार्ड नंबर 03 गौस नगर बालाघाट के नागरिक शिकायत लेकर आये थे कि वर्ष 2016 में उनके वार्ड में विधायक निधि से 03 नग बिजली को खंबे लगाये गये थे। लेकिन कुछ समय बाद उसमें से एक खंबा विद्युत मंडल द्वारा निकाल कर ले जा लिया गया और बताया गया कि कुछ दिन बाद यह खंबा फिर से लगा दिया जायेगा। लेकिन आज तक वह खंबा नहीं लगाया गया है, जिसके कारण आगे के खंबे पर बिजली की लाईन नहीं डाली गई है। जिससे उनके क्षेत्र में अंधकार रहता है और नये कनेक्शन लेने वालों को परेशानी हो रही है। अत: निकाले गये खंबे को पुन: लगवाया जाये। इस पर एमपीईबी के कार्यपालन यंत्री को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

बालाघाट तहसील के ग्राम नैतरा के सुखलाल देव्हारे अपना अंत्योदय राशन कार्ड बनाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि उसके परिवार में पत्नि के अलावा कोई सदस्‍य नहीं है और वह भूमिहीन है, मजदूरी के अलावा आय का कोई साधन नहीं है। उम्र अधिक होने के कारण दोनो पति-पत्नि बीमार रहते हैं। उन्हें बीपीएल राशन कार्ड पर हर माह 10 किलो राशन मिलता है, लेकिन इसमें गुजारा संभव नहीं होता है। अत: उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड बनाकर दिया जाये। जिससे उन्हें हर माह 35 किलो राशन मिल सकेगा। इस पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को शासन के नियमों के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *