तिरोडी तहसील के पटवारी को निलंबित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री मृणाल मीना द्वारा प्रत्येक मंगलवार को सीएम हेल्पलाईन की 100 दिनों से अधिक की लंबित शिकायतों का रेंडमली चयन कर उनकी समक्ष में सुनवाई की जा रही है। इस दौरान शिकायतकर्ता एवं संबंधित विभाग के अधिकारी को समक्ष में रखा जाता है। इसी कडी में कलेक्टर द्वारा 27 जनवरी को 150 दिनों से अधिक की लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की गई।
परसवाडा तहसील के भुनेश कुमार द्वारा नक्शा बटांकन नही किये जाने की शिकायत की गई थी। समक्ष में संबंधित पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक से प्रकरण की वस्तुस्थिति की जानकारी ली गई। इस दौरान पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक द्वारा ऑनलाईन नक्शा बटांकन नही होने की बात कही गई। इस पर अपर कलेक्टर श्री डीपी बर्मन एवं अधीक्षक भू-अभिलेख से इस संबंध में चर्चा के दौरान पटवारी एवं आरआई को शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए ऑनलाईन नक्शा बटांकन करने के निर्देश दिये गए और इस शिकायत को बंद कराया गया।
तिरोडी तहसील के गोकुल प्रसाद के नामांतरण संबंधी प्रकरण का निराकरण नही होने पर सीएम हेल्पलाईन में शिकायत की गई है। इस प्रकरण की समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि पटवारी तपेश मेश्राम द्वारा इसमें लापरवाही बरती गई है। इस पर कलेक्टर श्री मीना ने कटंगी एसडीएम को निर्देशित किया कि पटवारी तपेश मेश्राम को निलंबित किया जाए। बैहर तहसील के ग्राम बिरवा की पुष्पा तिवारी द्वारा सीमांकन के संबंध में सीएम हेल्पलाईन में शिकायत दर्ज करायी गई थी। यह शिकायत पिछले 10 माह से निराकरण के लिए लंबित थी। इस पर समक्ष में सुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर चर्चा के उपरांत इस शिकायत को संतुष्टिपूर्वक बंद कराया गया है।
लामता पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
लामता तहसील के ग्राम टाकाबर्रा निवासी मोहन लिल्हारे द्वारा सीमांकन कराये जाने के लिए सीएम हेल्पलाईन में शिकायत की गई थी। यह शिकायत लगभग 01 वर्ष से लंबित थी। समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि मोहन लिल्हारे द्वारा क्रय की गई जमीन का सीमांकन एवं नक्शा बटांकन नही हो रहा है। इस दौरान बताया गया कि भूमि के क्रय विक्रय की रजिस्ट्री के दौरान पटवारी का पर्चा लगवाया जाता है, जो कि भूमि की रजिस्ट्री के लिए आवश्यक नही है। शिकायतकर्ता से दूरभाष पर चर्चा के उपरांत इस शिकायत को बंद कराया गया। इस शिकायत की सुनवाई के दौरान पटवारी आयुषी ठाकरे के उपस्थित नही होने पर उसे कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए।
नायब तहसीलदार बिरसा की एक वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश
बिरसा तहसील के ग्राम खुर्सीपार के रूपलाल वरकडे द्वारा उसकी जमीन पर सोहन पंद्रे द्वारा अतिक्रमण पर अवैध कब्जा किये जाने की सीएम हेल्पलाईन में शिकायत की गई थी। यह शिकायत लगभग 02 वर्ष से निराकरण के लिए लंबित थी। इस प्रकरण की सुनवाई के दौरान बिरसा के नायब तहसीलदार रतनसिंह धुर्वे की लापरवाही पायी गई। इस पर कलेक्टर श्री मीना ने नायब तहसीलदार श्री धुर्वे की एक वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव आयुक्त जबलपुर संभाग को भेजने के निर्देश दिये है।

